बारां जिले के पाली थाना क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सरसों की फसल के बीच अफीम के पौधे उगा रहा था। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 2226 अफीम के पौधे बरामद किए गए।
पुलिस टीम की कार्रवाई और गिरफ्तारी
बारां एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि पाली थानाधिकारी विष्णु प्रसाद पंकज के नेतृत्व में आंबेह गुना निवासी धन्नालाल पुत्र आशाराम बंजारा को ग्राम जाला माल स्थित वन भूमि पर अवैध खेती करते हुए पकड़ा गया। मौके पर अफीम के पौधों में चीरा लगे डोडा, सफेद फूल और कलियां पाई गईं। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें- Barmer News: सरहदी क्षेत्र में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, करोड़ों का नशीला पदार्थ बरामद
लगभग 10 लाख रुपये की बताई गई कीमत
एसपी के अनुसार बरामद किए गए अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। आरोपी द्वारा डोडा पर चीरा लगाकर अफीम दूध भी निकाला जा चुका था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।