बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की। नैनवा थाना क्षेत्र के दुगारी गांव में हुई 80 लाख के जेवर और नकदी चोरी मामले में चोरी का माल बरामद कर चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कक्ष में नैनवा थाना क्षेत्र के दुगारी गावं में व्यापारी के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी के प्रकरण का खुलासा किया। मीणा ने बताया कि प्रकरण में 817.5 ग्राम सोना और छह किलो 775 ग्राम चांदी के आभूषण सहित कुल 3,62,500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। प्रकरण में 12 मुल्जिमों को गिरफ्तार कर एक विधि से विरुद्ध संघर्षरत किशोर को डिटेन किया गया। घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो कार, एक इको कार और दो मोटरसाइकिल सहित कुल चार वाहन बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एक जनवरी को दुगारी निवासी ओमप्रकाश के घर पर हुई लाखों रुपये के जेवर नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। इसमें नए आपराधिक कानून की धारा-187 बीएनएसएस के तहत पूर्व में मुल्जिमों को न्यायिक अभिरक्षा के बाद पुनः तफ्तीश के लिए पीसी रिमांड पर लिया, जाकर माल बरामदगी के प्रयास किए गए, जिसमें पुलिस ने सफलता हासिल की।
प्रकरण में आरोपी दुगारी निवासी सुरेश कुमार वर्मा पुत्र स्वर्गीय बुद्धाराम, हनुमान जी का झोपड़ा निवासी, राकेश उर्फ गुड्डू कहार पुत्र रामदेव, अकतासा निवासी, दीपक पुत्र चैन सिंह, सुखपुरा निवासी खुशराम पुत्र रामलाल, खेडला निवासी अजय पुत्र हनुमान सिंह, दुगारी निवासी राजेश उर्फ राजू वर्मा पुत्र हीरालाल, मांगली कला निवासी अशोक उर्फ दीपक पुत्र अमृतलाल, कमोलर निवासी अजय पुत्र मोतीलाल, सुखपुरा निवासी त्रिलोक गुर्जर उर्फ जगन पुत्र दुर्गालाल को गिरफ्तार और एक किशोर को निरुद्ध किया गया। मुल्जिमों का सहयोग करने पर दूनी थाना निवासी सुरेन्द्र पुत्र बद्रीलाल, मांगली कला निवासी अमृतलाल पुत्र सुखदेव, झाली जी का बराना निवासी अशोक प्रजापत पुत्र रामलाल को गिरफ्तार किया है।