जयपुर में एसआई भर्ती परीक्षा 2021 रद्द होने के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले ने लाखों युवाओं और उनके परिवारों को प्रभावित किया है।
2.5 लाख अभ्यर्थियों को नहीं मिला मौका
अमर उजाला से बातचीत में बेनीवाल ने कहा कि करीब 2.5 लाख ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिन्हें अब परीक्षा का मौका नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार युवाओं के हित में संघर्ष कर रही है और जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य करीब 8 लाख युवाओं और परिवारों को न्याय दिलाना है। उम्र सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों के मुद्दे पर बेनीवाल ने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट दोनों ने माना है कि जिन युवाओं की उम्र भर्ती प्रक्रिया के दौरान निकल गई, उन्हें मौका मिलना चाहिए। उनके अनुसार यह केवल नौकरी का नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के भविष्य का सवाल है।
भाजपा भर्ती रद्द करने का वादा करके सत्ता में आई थी
एसआई भर्ती रद्द होने को अपने आंदोलन की सफलता बताते हुए बेनीवाल ने कहा कि वह जिस आंदोलन में बैठते हैं, जीत हासिल करके ही उठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भर्ती रद्द करने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन बाद में कांग्रेस जैसी भूमिका निभाने लगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि लगातार दबाव और मुद्दा उठाने के बाद सरकार को फैसला लेना पड़ा।
दिल्ली तक इस मुद्दे को उठाया
बेनीवाल ने दावा किया कि उन्होंने दिल्ली तक इस मुद्दे को उठाया और भाजपा नेतृत्व को समझाया कि भर्ती घोटालों से सरकार और पार्टी की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ बात करते हैं, ऐसे में भर्ती घोटालों पर कार्रवाई जरूरी थी। धरना दे रहे युवाओं को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निराश होने के बजाय अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल धरना देने से समाधान नहीं निकलेगा।
ये भी पढ़ें-
ये कैसा सिस्टम? एंबुलेंस में खत्म हुई ऑक्सीजन, स्ट्रेचर पर तड़पते युवक ने तोड़ा दम; बेबस हुए घरवाले
करोड़ों की संपत्ति बना चुके हैं अधिकारी
इस दौरान बेनीवाल ने प्रशासनिक तंत्र पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी जमीन कारोबार से जुड़े हुए हैं और करोड़ों की संपत्ति बना चुके हैं। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।
संतों के आंदोलन को लेकर बेनीवाल ने कहा कि संतों ने सबसे पहले उनसे संपर्क किया था। उन्होंने जल्द ही बिचून धाम पहुंचने की बात कही और चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर 50 हजार लोगों की रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान का युवा एकजुट है और राज्य में तीसरे मोर्चे की जरूरत महसूस की जा रही है।