भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए देश के प्रधानसेवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुशासन के 24 वर्षों की पूर्णता पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि 7 अक्तूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से लेकर अब तक वे लगातार 24 वर्षों से बिना अवकाश के राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। यह भारतीय राजनीति के इतिहास में अद्वितीय उपलब्धि है। उन्होंने गुजरात को विकास का मॉडल बनाकर प्रस्तुत किया और पिछले 11 वर्षों में भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री और तीन बार प्रधानमंत्री रहकर भी सदैव 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ कार्य करते रहे हैं। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है। यह प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और अथक परिश्रम का परिणाम है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि मोदी का जीवन एक प्रेरणा है- तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन राष्ट्र को समर्पित। उन्होंने कहा कि मोदी का हर क्षण देश के उत्थान और नागरिकों के कल्याण को समर्पित रहा है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: कलेक्टर कार्यालय में बवाल, विरोध जता रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज; हालात तनावपूर्ण
बिहार चुनाव को लेकर डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि जनमत सर्वेक्षणों में एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिल रही है और वास्तविक परिणामों में भी यही झलक दिखेगी। एनडीए गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामंजस्य और स्थिरता से कार्य कर रहा है, जबकि विपक्षी दलों में पारिवारिक कलह और नेतृत्व का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि जो खुद को सीएम समझते हैं, उनमें सीएम बनने की क्षमता नहीं और जो खुद को पीएम इन वेटिंग बताते हैं, वे अब तक अपने नेता का नाम भी तय नहीं कर पाए। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूर्वी भारत का विकास आवश्यक है और यह कार्य केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में ही संभव है।
यह भी पढ़ें- ‘हम किसी को नहीं भूलते’: जिम में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी; कहा- सबकी बारी...