जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में भीनमाल पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपी भजनलाल विश्नोई की करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर बड़ी कार्रवाई की है। फ्रीज की गई संपत्तियों में तीन मंजिला आलीशान मकान और कृषि भूमि शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये संपत्तियां अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित की गई थीं। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के सक्षम प्राधिकरण के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी अन्नराजसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने आरोपी भजनलाल की संपत्तियों की जांच कर उन्हें चिन्हित किया। पुलिस के मुताबिक, चारणियों की ढाणी, पुनासा निवासी भजनलाल विश्नोई के खसरा नंबर 515 व 517 पर स्थित तीन मंजिला आवासीय मकान की कीमत 58.58 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, उसके पिता केसाराम के नाम 4.90 हेक्टेयर में से 1.63 हेक्टेयर कृषि भूमि को भी फ्रीज किया गया है।
पढ़ें: नहीं थम रहा चोरियों का सिलसिला, अब लूणी के सर गांव में किराना दुकान से चोरों ने किया नकदी पार
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में लिप्त अपराधियों की संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आरोपी भजनलाल की संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ (1) के तहत जब्त करने के लिए सक्षम प्राधिकरण एवं प्रशासक, एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली को रिपोर्ट भेजी गई थी। 28 फरवरी 2025 को सक्षम प्राधिकरण ने संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए।
भीनमाल पुलिस के अनुसार भजनलाल विश्नोई एक हार्डकोर अपराधी है, जिस पर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में वह 258 किलो डोडा पोस्त की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी करने वालों के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि अन्य तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।