जोधपुर रेंज में चल रहे ऑपरेशन मदमर्दन के तहत बिशनगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन भौकाल के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई 11 मई की रात सरहद तीखी के पास नेशनल हाईवे-325 पर नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाधिकारी निम्बसिंह ने किया, जो एसपी ज्ञानचंद यादव के निर्देशन और एएसपी मोटाराम व वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में गठित की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार पुत्र मंगनाराम और भरत कुमार पुत्र अचलाराम (24 वर्ष) शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 ग्राम स्मैक और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पढ़ें: 'बिरयानी मुगलिया खाना है, भगवान का नाम मत जोड़ो'...बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य का नया विवाद; जानें
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुकेश कुमार के खिलाफ पूर्व में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से दो मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हुए हैं। वहीं भरत कुमार पर भी पूर्व में एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से स्मैक की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।