जालोर जिले के दो भाई-बहनों ने आस्था और अटूट विश्वास की अनोखी मिसाल पेश की है। स्थानीय लोक देवता बाबा रामदेव के दर्शन के लिए जहां लोग अलग-अलग मान्यताओं के साथ पहुंचते हैं, वहीं जालोर जिले के भीनमाल निवासी सिमरन (10) और कैलाश (15) ने स्केटिंग के माध्यम से साढ़े 350 किलोमीटर की यात्रा कर रामदेवरा पहुंचकर दर्शन किए।
दोनों भाई-बहन 11 अगस्त की सुबह 6:30 बजे भीनमाल स्थित अपने घर से रवाना हुए। हाथ में बाबा की ध्वज लिए वे स्केटिंग करते हुए करीब 4 दिन में रामदेवरा पहुंचे। बाबा रामदेव के भजन गाते हुए 14 अगस्त की सुबह 11 बजे उन्होंने दर्शन किए और शाम 5 बजे कार से लौटकर रात 3 बजे जालोर पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों और शहरवासियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने ऐसी यात्रा की हो। साल 2024 में भी दोनों ने स्केटिंग से 1450 किमी की यात्रा कर अयोध्या धाम पहुंचकर राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद भगवान राम के दर्शन किए थे। उस समय भी उनकी यात्रा ने प्रदेशभर में लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।
ये भी पढ़ें:
750 साल पुराना 'ठाकुरद्वारा', यहां होते थे 48 गांव के फैसले; आज धूमधाम से मनेगा कृष्ण जन्मोत्सव
पिता भीखाराम पटेल ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई के साथ आस्था की राह पर डटे हुए हैं। सिमरन कक्षा 5 और कैलाश कक्षा 8 में पढ़ते हैं। फिलहाल, भाई-बहन की इस यात्रा की प्रदेशभर में सराहना हो रही है और अब वे स्केटिंग के जरिए खाटू श्यामजी धाम जाने की तैयारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
रामगढ़ में 15 हजार फीट ऊंचाई पर ले जाना होगा ड्रोन, अनुमति के लिए किरोड़ी डीजीसीए जाएंगे