झालावाड़ जिले में मनोहरथाना पुलिस ने जाली नोटों के चलन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 500-500 रुपये के 103 नकली नोट जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नोटों के परिवहन में उपयोग की गई एक बाइक भी जब्त की है।
झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि मनोहरथाना थानाधिकारी सीआई महेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की। दांगीपुरा जोड़ पर नाकाबंदी के दौरान अकलेरा रोड की ओर से एक बाइक पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस जाब्ता को देखकर वे वापस मुड़ने लगे, जिस पर संदेह होने पर उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 500-500 रुपये के कुल 103 नोट बरामद हुए।
नोट और बाइक जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही नोटों को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जिले के जाली नोट के नोडल थाना, थाना झालरापाटन में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। मामले की जांच जावर थाना अधिकारी को सौंपी गई है।
पढ़ें- होली से पहले सख्ती: गोल्डन ट्यूलिप होटल समेत 22 प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने फेल, 46 लाख का जुर्माना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कमल सिंह (30) पुत्र प्रभुलाल तंवर निवासी ताजपुरिया पुलिस थाना दांगीपुरा, रामचरण उर्फ कालू (35) पुत्र प्रभुलाल तंवर निवासी ताजपुरिया पुलिस थाना दांगीपुरा और देवसिंह (30) पुत्र मोर सिंह तंवर निवासी खानपुरिया पुलिस थाना मनोहरथाना शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी यह नोट अकलेरा में किसी व्यक्ति से लेकर आए थे।
ऐसे हुआ नकली नोटों पर संदेह
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के व्यवहार से संदेह उत्पन्न हुआ। पुलिस को देखकर उनके अचानक घबरा जाने और वापस मुड़ने की कोशिश ने संदेह को और मजबूत किया। तलाशी में तीनों के पास 500 रुपये के नोट मिलने पर पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद नोटों में एक ही सीरियल के कई नोट थे। पुलिस के अनुसार इन्हें बाजार में असली नोटों के साथ मिलाकर चलाया जाता था। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और जाली नोटों के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।