शहर के मान नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग शारदा अस्पताल के पास स्थित बी-25 के एक खाली प्लॉट में लगी, जहां खिलौनों और अन्य सामान का गोदाम बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार यह प्लॉट जगमाल नामक व्यक्ति द्वारा किराये पर लिया गया था। प्लॉट में बने दो-तीन कमरों में बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आग सबसे पहले बाहर रखे कार्टन और गत्तों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों के कारण पास स्थित शारदा अस्पताल की डक्टिंग को भी आंशिक नुकसान पहुंचा, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
ये भी पढ़ें: Banswara News: फांसी से उम्रकैद में बदली दुष्कर्म के आरोपी की सजा, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी को मिली राहत
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसमें रीको फायर स्टेशन की गाड़ी भी शामिल रही। कुल चार दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तीन गाड़ियों को दो-दो चक्कर लगाने पड़े, तब जाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आई।
घटना की सूचना पर कोतवाल श्रवण कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।