बालोतरा जिले के पचपदरा में बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जोधपुर में ग्रामीण उत्तर, दक्षिण और शहर जिला कमेटियों की संयुक्त बैठक लेकर आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी हो सुनिश्चित
बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि जोधपुर देहात क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लक्ष्य तय करते हुए कहा कि रैली में करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर पूरी ताकत लगाई जाए। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, पाली सांसद पी.पी. चौधरी, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी और प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वय और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।
वसुंधरा ने रखी राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की नींव
राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान रिफाइनरी परियोजना की नींव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में कांग्रेस सरकार के दौरान हुए समझौतों के कारण राज्य पर आर्थिक दबाव बढ़ा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद समझौते में बदलाव कर वित्तीय बोझ को कम किया और परियोजना को लाभकारी दिशा में आगे बढ़ाया।
क्षेत्र में औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि रिफाइनरी शुरू होने के बाद पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन होगा, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति के लिए नए रेलवे ट्रैक और सीवरेज जल के उपयोग जैसी योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान के भिवाड़ी में वेतन बढ़ोतरी को लेकर बवाल, पुलिस ने महिलाओं पर बरसाए डंडे
भाजपा का हर कार्यकर्ता सिपाही- मदन राठौड़
संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता एक सिपाही की तरह काम करता है और जिम्मेदारियां संगठन के निर्देशों के अनुसार दी जाती हैं। वहीं महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और महिला आरक्षण से संबंधित विषय पर जल्द ही सदन में चर्चा होने की संभावना है।