जोधपुर जिले में पिछले 10 महीनों से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को नोख पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 5000 रुपये के इनामी अमरसिंह, जिस पर सोलर प्लांट से कॉपर पाइप चोरी का आरोप था, को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। यह गिरफ्तारी अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक फलोदी ब्रजराज सिंह चारण और वृत्ताधिकारी अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में, थानाधिकारी शारदा के नेतृत्व में की गई। अमरसिंह पर लगे आरोपों की पुष्टि और उसके अन्य अपराधों की जांच की जा रही है।
सोलर प्लांट से हुई थी कॉपर पाइप की चोरी
इस पूरे मामले की शुरुआत आर.एस. इन्फ्रा कंपनी द्वारा नोख क्षेत्र में बनाए जा रहे पावर ग्रिड में हुई चोरी से हुई थी। प्रार्थी बलवीर सिंह कि नागौर के बालवा क्षेत्र निवासी और वर्तमान में सुरक्षा सेवा कंपनी के सुपरवाइजर हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात चोरों ने कॉपर पाइप चोरी कर लिए। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें- Jodhpur: छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन, भगवानों का रूप धर कर छात्रों ने सरकार तक पहुंचाई आवाज
इनामी अमरसिंह लंबे समय से चल रहा था फरार
आरोपी की पहचान अमरसिंह पुत्र अर्जुनसिंह (21) निवासी ठाकरबा, थाना नोख के रूप में हुई है। वह राजपूत समाज से है और इस घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस के अनुसार, अमरसिंह को पकड़ने के लिए कई प्रयास किए जा रहे थे। 21 जुलाई को टीम को गुप्त सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
पहले भी हो चुके हैं तीन आरोपी गिरफ्तार
इस चोरी के मामले में नोख पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें लीलूसिंह पुत्र पदमसिंह निवासी दिधु थाना नाचना, लक्ष्मणसिंह पुत्र अनोपसिंह निवासी ढालेरी थाना नोख और निखिल मिश्रा जो कि आर.एस. इन्फ्रा कंपनी में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत था, शामिल हैं। इन तीनों को कोर्ट में पेश किया गया था और वे जमानत पर रिहा हैं।
यह भी पढ़ें- Sawan 2025: हरिद्वार से कंधे पर शिव प्रतिमा लेकर अलवर पहुंचे श्रद्धालु हरिराम, उमरैण में होगी स्थापना
गिरफ्तारी के बाद अमरसिंह को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उससे अन्य चोरी या संगठित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि वह चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल हो सकता है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।