अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच एलपीजी और कॉमर्शियल गैस की किल्लत को लेकर आर्थिक संकट की आशंकाएं सामने आ रही हैं। इसी के साथ अफवाहों का दौर भी तेज हो गया है, जिससे राजस्थान के कई हिस्सों में लोगों में चिंता का माहौल बन रहा है। कोटा शहर में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली, जहां गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में घबराहट बढ़ने लगी।
स्थिति को लेकर विधायक ने बुलाई बैठक
इसी परिस्थिति को देखते हुए शुक्रवार को कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने रसद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान गैस बुकिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और सर्वर व्यवस्था में सुधार के साथ आमजन को राहत देने के उपायों पर चर्चा की गई।
घरेलू गैस की कमी नहीं होने का दावा
बैठक के दौरान विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग में जो तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण शहर के लोगों में यह डर फैल रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर खत्म हो जाएंगे, जबकि वास्तविकता ऐसी नहीं है।
अफवाहों से एजेंसियों पर बढ़ी भीड़
विधायक ने बताया कि कई लोगों को यह आशंका हो रही है कि कहीं सिलेंडर मिलना बंद न हो जाए, इसलिए लोग जल्दबाजी में गैस बुकिंग करने और एजेंसियों पर पहुंचने लगे हैं। इसके कारण गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और अफरातफरी जैसी स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इसी स्थिति को देखते हुए अधिकारियों के साथ बैठक कर सर्वर व्यवस्था को बेहतर बनाने और गैस बुकिंग से जुड़ी समस्याओं को दूर करने पर चर्चा की गई।
पढ़ें- LPG Crisis: गैस सिलिंडर बांटने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी का आदेश रद्द, विवाद बढ़ने पर सरकार ने लिया यू-टर्न
बुकिंग व्यवस्था और समय सीमा की जानकारी
बैठक में रसद विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि ऑनलाइन एप के माध्यम से सिलेंडर की बुकिंग की जा रही है और इसके लिए 25 दिन का समय निर्धारित है। यानी यदि किसी उपभोक्ता ने पहले सिलेंडर बुक कराया है तो वह 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग कर सकता है। अधिकारियों ने कहा कि यदि इस प्रक्रिया में कोई तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
आपूर्ति की स्थिति पर वितरकों का पक्ष
एलपीजी वितरक एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बैठक में बताया कि पहले कोटा जिले में एक महीने में लगभग एक लाख घरेलू गैस सिलेंडर और करीब 40 हजार कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से आपूर्ति व्यवस्था पर कुछ असर पड़ा है, लेकिन मौजूदा समय में जो स्थिति दिख रही है वह काफी हद तक पैनिक की वजह से सामने आ रही है।
धैर्य रखने की अपील
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। उनका कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जारी है और बुकिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।