भारी बारिश के कारण राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर जलभराव के चलते अप और डाउन दोनों ओर की ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले इस रूट पर 15 से अधिक महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें लंबी दूरी की प्रीमियम और सुपरफास्ट ट्रेनें भी शामिल हैं। रेलवे के ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम के अनुसार, सवाई माधोपुर स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो को छोड़कर बाकी ट्रैक पर पानी भर गया, जिससे ट्रेनों को इंद्रगढ़, लाखेरी, गुड़ला, कोटा और रामगंजमंडी स्टेशनों पर रोकना पड़ा। डाउन ट्रैक की गाड़ियां ज्यादा प्रभावित हुई हैं, जबकि जयपुर जाने वाली कुछ ट्रेनों में आठ घंटे तक की देरी दर्ज की गई।
रेलवे प्रशासन की प्रतिक्रिया
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि भारी बारिश को देखते हुए ट्रेनों को प्रतिबंधित गति से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिर्फ पैसेंजर ही नहीं, बल्कि मालगाड़ियां भी बुरी तरह से प्रभावित हैं। प्रशासन सतर्कता बरतते हुए ट्रेनों को धीरे-धीरे निकाल रहा है। इससे पहले मध्यप्रदेश के गुना जिले में भी बारिश के चलते मावन पगार स्टेशन पर जलभराव हुआ था, जिससे मंगलवार को भी रेल यातायात बाधित रहा था।
प्रभावित ट्रेनें इस प्रकार हैं:
- 12953 अगस्त क्रांति तेजस एक्सप्रेस – 50 मिनट देरी
- 12909 बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन गरीब रथ – 50 मिनट देरी
- कोटा-हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी – 1 घंटा 45 मिनट देरी
- 12903 मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल – 2 घंटे 45 मिनट देरी
- 14814 भोपाल-जो़धपुर एक्सप्रेस – 6 घंटे 15 मिनट देरी
- 22674 मन्नारगुड़ी-भगत की कोठी सुपरफास्ट – 50 मिनट देरी
- 12181 दयोदय एक्सप्रेस – 4 घंटे देरी
- 12955 मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट – ढाई घंटे देरी
- 12239 हिसार दुरंतो एक्सप्रेस – कोटा पहुंचने में 1 घंटे की देरी
- 04718 तिरुपति-हिसार स्पेशल ट्रेन – 2 घंटे से ज्यादा देरी
यात्रियों की परेशानी:
घंटों की देरी के चलते यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर फंसे यात्रियों के लिए रेल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई विशेष राहत की व्यवस्था नहीं की गई है।