जिले के मेड़ता सिटी क्षेत्र के जारोड़ा गांव में स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जारोड़ा में एक बार फिर तनाव का माहौल है। स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद अख्तर नदीम के तबादला आदेश को निरस्त नहीं किए जाने को लेकर विद्यार्थी बुधवार को धरने पर बैठ गए। छात्रों ने स्कूल का ताला लगाकर बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही वे कक्षाओं, ड्यूटी और टेस्ट का बहिष्कार कर रहे हैं।
विद्यार्थियों का आरोप है कि प्रिंसिपल मोहम्मद अख्तर नदीम के खिलाफ पहले भी शिकायतें थीं, जिन्हें लेकर उन्हें ‘काला’ प्रिंसिपल कहा जा रहा है। सरकार द्वारा उनके तबादला आदेश जारी होने के बाद उसे निरस्त करने की मांग को लेकर छात्र पहले भी आंदोलन कर चुके हैं। मेड़ता सिटी में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय विधायक और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया था कि तबादला आदेश निरस्त कर दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने स्कूल का ताला खोला था और पढ़ाई शुरू कर दी थी लेकिन लंबा समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से तबादला आदेश निरस्त करने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं हुआ। इससे नाराज विद्यार्थी आज फिर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र कह रहे हैं कि जब तक प्रिंसिपल का तबादला आदेश रद्द नहीं होता, वे न तो कक्षाओं में जाएंगे और न ही किसी परीक्षा या ड्यूटी में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: Banswara News: पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, युवती अस्पताल में भर्ती, परिजनों ने एसपी से की शिकायत
ग्रामवासियों और अभिभावकों का भी कहना है कि स्कूल में लंबे समय से प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतें चल रही हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय शिक्षा अधिकारियों से बातचीत की कोशिशें जारी हैं लेकिन फिलहाल कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द आदेश निरस्त नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नागौर जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। प्रशासनिक स्तर पर जल्द हस्तक्षेप की मांग उठने लगी है ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और विवाद का निपटारा हो सके।