आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर आज सवाई माधोपुर में जिला भाजपा द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिला मुख्यालय के हम्मीर सर्किल स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित इस प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर एवं भरतपुर की पूर्व सांसद रंजीता कोली ने मीडिया से रूबरू होते हुए अभियान के बारे में जानकारी दी।
रंजीता कोली ने बताया कि यह अभियान भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके माध्यम से आमजन को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से अवगत कराने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2020 में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सपना देखा था। इसी के तहत आज देश में सुई से लेकर हवाई जहाज और लड़ाकू विमानों के इंजन तक बनाए जा रहे हैं।
पढे़ं; पुलिस ने कार में छिपी 45.6 किलोग्राम चांदी और 10 लाख रुपये किए बरामद, आरोपी को किया गिरफ्तार
रंजीता कोली ने आगे कहा कि विश्व परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विदेशों पर अपनी निर्भरता कम कर रहा है। रक्षा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में भी देश में तेजी से काम हो रहा है। इससे न केवल देश की आर्थिक मजबूती बढ़ेगी बल्कि विकास की गति भी तेज होगी।
उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान गांधी जयंती 2 अक्टूबर से पुनः व्यापक स्तर पर शुरू किया गया है और यह 25 दिसंबर, अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा। अभियान के पहले चरण में जिला स्तरीय भाजपा पदाधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें उन्हें चलाए जा रहे प्रकल्पों और संकल्पों से अवगत कराया जाएगा। दूसरे चरण में जिले के 17 मंडलों में कार्यशालाएँ आयोजित की जाएंगी, जिसमें बूथ स्तर और शक्ति केंद्रों पर कार्यशालाएँ आयोजित होंगी। इसका उद्देश्य है कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की महत्ता को समझ सके और आमजन में जागरूकता फैलाए। प्रेसवार्ता के दौरान जिला महामंत्री जगदीश प्रसाद अग्रवाल और जिला प्रवक्ता सुरेंद्र कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।