धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी मंदिर में हरियाणा से परिवार के साथ दर्शन करने आई एक महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। इस वारदात को महिलाओं के एक गिरोह ने अंजाम दिया, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सिरसा निवासी नीरज रोहिल्ला ने बताया कि वह 19 अप्रैल को अपने परिवार के 7 सदस्यों के साथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद जब वे श्याम कुंड की ओर जा रहे थे, तभी सुबह करीब 9:24 बजे पांच महिलाओं के गिरोह ने उनकी मां की सोने की चेन तोड़ ली।
घटना का पता चलते ही नीरज और उनके भाई ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी महिलाएं वारदात करती नजर आईं। करीब एक घंटे बाद वही महिलाएं दोबारा उसी स्थान पर लौटीं। दुकान संचालक की सूचना पर नीरज अपने भाई और होमगार्ड की मदद से मौके पर पहुंचे और पांचों महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पढ़ें- Pachpadra Refinery Fire: पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग से बालोतरा में हड़कंप, पीएम मोदी कल करने वाले थे उद्घाटन
जांच में यह भी सामने आया कि इन महिलाओं को एक सप्ताह पहले भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन पुख्ता सबूतों के अभाव में छोड़ दिया गया था। नीरज के अनुसार उनकी मां की चेन का वजन करीब 10.100 ग्राम था।
बताया जा रहा है कि यह गिरोह पिछले डेढ़ से दो साल से सक्रिय है और खासतौर पर रविवार व भीड़भाड़ वाले दिनों में ऐसी वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस पहले भी इस गिरोह से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और फिलहाल मामले की जांच जारी है।