12 दिसंबर को शेखावाटी में हुई गैंगवार के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज एक दिवसीय दौरे पर सीकर आए। उन्होंने सीकर के रामगढ़ शेखावाटी कस्बे में शाम को सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करने के दौरान सीएम ने अपने भाषण में कहा कि राजस्थान में अब कोई गुंडा आया तो बचेगा नहीं। दरअसल मुख्यमंत्री प्रदेश में कानून व्यवस्था की बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि कोई गुंडा आकर बदमाशी करता है तो उसे उसी की चारगुनी भाषा में जवाब दिया जाएगा।
पढ़ें: 'भाषण में अरावली बचाओ, काम में खनन बढ़ाओ’, भजनलाल सरकार पर पूर्व सीएम गहलोत का तंज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। हमने एसीबी का नंबर पब्लिक के लिए जारी किया है। यदि कोई उस पर सूचना देता है तो उसकी जानकारी गुप्त रखी जाएगी। ऐसे में कोई भी किसी प्रकार का संकोच नहीं करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था किसी भी हाल में नहीं बिगड़ने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर काम में भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस के लोग बुजुर्गों की पेंशन से लेकर युवाओं की स्कॉलरशिप तक खा जाते थे। क्योंकि उनका हाजमा बड़ा था। लेकिन हम उनका खाया हुआ निकाल लेंगे।
बता दें कि रामगढ़ शेखावाटी को हाल ही में पंचायत समिति का दर्जा मिला था। ऐसे में आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की यहां पर धन्यवाद सभा थी। शाम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा यहां पर पहुंचे। जिन्होंने करीब आधे घंटे तक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।