विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सोमवार को राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना डूंगरी के सभागार में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा थे। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सिरोही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी, डीटीओ डॉ. विवेक जोशी एवं खंड पिंडवाड़ा के उपस्वास्थ्य केन्द्र वासा में कार्यरत एएनएम श्रीमती सरिता डिडेल को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सिरोही ने टीबी मुक्ति अभियान में निभाई अहम भूमिका
गौरतलब है कि सिरोही जिले ने राज्य सरकार की सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के साथ-साथ टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। इसी क्रम में पिंडवाड़ा ब्लॉक की वासा उपस्वास्थ्य केन्द्र की एएनएम सविता डिडेल को राज्यस्तरीय मंच पर सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान एएनसी पंजीकरण, चार एएनसी परीक्षण, लाइन लिस्टिंग, संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण जैसे कार्यों में उत्कृष्टता के लिए प्रदान किया गया।
पढ़ें: राममंदिर में हुए उद्घाटन पर सियासत, कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी पर BJP नेता आहूजा का तंज; भड़के जूली
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समारोह
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खीवसर, प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, चिकित्सा शिक्षा सचिव अमरीश कुमार, इंटरनेशनल लिवर इंस्टीट्यूट दिल्ली के डॉ. शिव सरीन, यूनिसेफ की हेड डॉ. हरेरो, निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रविप्रकाश शर्मा सहित राज्यस्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे। समारोह में प्रदेश के सभी जिलों के सीएमएचओ, आरसीएचओ, डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ), डीटीओ आदि ने भाग लिया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निरामय राजस्थान अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही 'माँ योजना' से संबंधित मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया। यह ऐप आमजन को अपने परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी सरलता से उपलब्ध कराने में सहायक होगा। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।