भारतीय जनता पार्टी टोंक द्वारा आपातकाल को संविधान हत्या का काला दिवस के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में अग्रवाल धर्मशाला में मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने शिरकत की। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही मंत्री अविनास गहलोत के सामने भाजपा के दो मंडल अध्यक्ष और एक वरिष्ठ नेता आपस में झगड़ पड़े। एक दूसरे को जमकर गाली गलौज करते हुए बांहें खींच लीं। करीब 15 मिनट तक तीनों भाजपा नेताओं में झगड़ा चलता रहा, लेकिन मंत्री अविनास गहलोत बिना रोके टोके ही आगे बढ़ गए। हालांकि स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ही आपसी बीच बचाव कर मामले को शांत कर दिया। वहीं, छत्तीसगढ़ भाजपा द्वारा सचिन पायलट को लेकर किए गए ट्वीट 'सचिन बनना है तो तेंदुलकर बनों पायलट नहीं' को लेकर सोशल साइट्स पर चल रहे द्वंद्व को लेकर मंत्री अविनाश ने मीडिया के सवाल पर बचते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
कार्यक्रम के पश्चात वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के निमित टोंक विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को दो दिवसीय गिर्राज महाराज की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय और लोकतंत्र का धब्बा है।
ये भी पढ़ें-
जैसलमेर में लोगों ने श्वान से छुड़ाया नवजात का शव, किसने फेंका बच्चा, जांच में जुटी पुलिस
इतिहास का एक काला अध्याय है आपातकाल
गहलोत ने कहा कि जिन लोगों ने आपातकाल लगाया वे इस कलंक से कभी मुक्त नहीं हो सकते है। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के कारण भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और बड़ा गणतंत्र है। उन्होंने कहा कि आपातकाल स्वतंत्रता के बाद देश के इतिहास का एक काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र उन लोगों के संघर्ष के कारण बचा है, जिन्होंने आपातकाल लागू किए जाने का विरोध किया था। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। उस दौर में निरपराध लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया है। अनेक लोगों ने आपातकाल की पूरी अवधि में जेल में गुजारी। आपातकाल में लोगों पर बेइंतहा अत्याचार किए गए। कई प्रतिबंध भी लगाए गए। हमारे लोकतंत्र सेनानियों ने अनेक कष्ट सहे, लेकिन लोकतंत्र सेनानी लोकतंत्र की रक्षा के लिए अडिग रहे।
आपातकाल नहीं बल्कि कांग्रेस का अन्यायकाल था
भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि आपातकाल लगाया जानेवाला दिन, 25 जून सभी को याद दिलाता है कि कांग्रेस सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। वह आपातकाल नहीं बल्कि कांग्रेस का अन्यायकाल था। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे काला अध्याय है।उन्होंने कहा कि जेल में बंद कार्यकर्ताओं का मनोबल हमेशा ऊंचा रहा और उन्होंने देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए जी-जान से लड़ाई लड़ी। उन्होंने आपातकाल लगाने और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को निलंबित करने का विरोध किया। इस अवसर पर निवाई विधायक रामसहाय वर्मा,प्रदेश प्रवक्ता सरिता गैना,जिला प्रमुख सरोज बंसल सहित अन्य मौजूद रहे।