जिले के निवाई शहर में कच्ची बस्ती नला रोड पर मकान में 13 वर्षीय किशोर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के क्षेत्र के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस उपअधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा, थाना अधिकारी रामजीलाल बैरवा घटनास्थल पर पहुंचे और मौके से शव को एंबुलेंस की सहायता से राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय भिजवाया गया।
थानाधिकारी रामजीलाल बैरवा ने बताया कि मृतक की पहचान पंकज पुत्र कमलेश रैगर निवासी लखनपुर बोली हाल निवासी कच्ची बस्ती के पास नला रोड के रूप में हुई है। मौके पर जांच के लिए एमयू और एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Sirohi: दो दिन पूर्व हुए अपहरण के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार किशोर की मां और बहन के चिल्लाने पर मोहल्लेवासी एकत्रित हुए। मकान के अंदर जाने के बाद देखा तो 13 वर्षीय बालक का खून से लथपथ शव दिखाई दिया। घटना के समय घर पर कोई भी नहीं था। मृतक के सिर पर चोट बताई जा रही है और मौके से कमरे में रखे बक्से के ताले भी टूटने की जानकारी मिली है। घटना को लेकर रेगर महासभा के जिला अध्यक्ष शंकर हाथीवाल और मृतक के चाचा भारतलाल ने जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।