फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Live

West Asia LIVE: सीजफायर के बाद अमेरिकी हमलों में 38 ईरानियों की मौत; ओमान के पास टैंकर पर हमला

Fri, 17 Jul 2026 12:45 PM IST
राकेश कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 17 Jul 2026 12:45 PM IST
खास बातें

West Asia Live Updates: खाड़ी देश अब एक ऐसी आग में झुलस रहे हैं, जिसे बुझाना नामुमकिन लग रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सीधी चेतावनी के बाद अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने लगातार छठी रात ईरान को बमों से पाट दिया है। यह हमला कितना भीषण है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अमेरिकी मिसाइलों ने इस बार सिर्फ सैन्य ठिकाने नहीं, बल्कि ईरान की लाइफलाइन कहे जाने वाले पुलों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया है। रणनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते 'होर्मुज जलडमरूमध्य' के पास भारी तबाही हुई है, जिससे ईरान के कई शहरों का आपस में संपर्क पूरी तरह टूट गया है। जवाब में बौखलाए ईरान ने भी अमेरिकी बेस वाले बहरीन और कुवैत पर मिसाइलें और ड्रोन दागकर भीषण पलटवार कर दिया है। क्या अब खाड़ी के रास्ते पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था ठप हो जाएगी?  खाड़ी देशों में बढ़ते इस भारी तनाव के बीच पल-पल की जानकारी के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
 

विज्ञापन
us iran conflict live updates trump threat iran retaliates jordan us base
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

12:44 PM, 17-Jul-2026

ओमान तट के पास टैंकर पर हमला, अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हुआ निशाना

ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को ओमान के खासाब से लगभग 19 समुद्री मील (करीब 35 किलोमीटर) पूर्व में समुद्र में यात्रा कर रहे एक तेल टैंकर पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। एजेंसी ने बताया कि हमले के बावजूद टैंकर के सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और इस घटना से समुद्री पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की निगरानी की जा रही है।
 
12:42 PM, 17-Jul-2026

सीजफायर के बाद अमेरिकी हमले में 38 ईरानियों की मौत, 400 से ज्यादा घायल

ईरान ने दावा किया है कि 22 जून को स्विट्जरलैंड में 60 दिनों की वार्ता के जरिए युद्ध समाप्त करने पर हुई बातचीत के बाद से अब तक अमेरिकी हमलों में 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह संघर्षविराम (सीजफायर) पूरी तरह टूट गया और इसके बाद दोनों देशों के बीच जवाबी हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं, तनाव के बीच होर्मुज़ जलडमरूमध्य अब भी समुद्री यातायात के लिए बंद बना हुआ है।
विज्ञापन
12:12 PM, 17-Jul-2026

अमेरिका-ईरान से युद्धविराम समझौते के पालन की अपील

चीन और पाकिस्तान ने अमेरिका तथा ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए युद्धविराम का पूरी तरह पालन करने और जल्द से जल्द बातचीत बहाल करने की अपील की है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी और पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने शंघाई में हुई बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की। चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वांग यी ने सभी पक्षों से युद्धविराम संबंधी समझौते (सीजफायर मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) का सम्मान करने और अपने-अपने दायित्वों का पालन करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम रह सके।
11:52 AM, 17-Jul-2026

कुवैत और ओमान पर ईरान ने किया हमले का दावा

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिक के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत कुवैत स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला कर वहां लगे मिसाइल रक्षा रडार, कई अहम हथियार भंडार और दो HIMARS सतह से सतह पर मार करने वाले मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाया। IRGC के अनुसार यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा हाल में ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से दूरसंचार और रेलवे नेटवर्क पर किए गए हमलों के जवाब में की गई। संगठन ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाइयों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और गैस निर्यात लगभग पूरी तरह ठप हो गया है तथा उसकी जवाबी सैन्य कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा IRGC ने दावा किया कि उसने ओमान के घनीम क्षेत्र में अमेरिकी हवाई निगरानी रडार और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री निगरानी रडार को भी नष्ट कर दिया है। IRGC ने कहा कि यह हमला उसके जारी अभियानों की 13वीं लहर का हिस्सा है और होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसकी नौसेना का नियंत्रण बना हुआ है।
11:19 AM, 17-Jul-2026

जॉर्डन ने तीन ईरानी मिसाइलें मार गिराने का दावा

जॉर्डन की सेना ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने देश की ओर आ रही तीन ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर मार गिराया। सेना के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। जॉर्डन की रॉयल इंजीनियरिंग कॉर्प्स की टीमों ने मिसाइलों के मलबे और गिरे हुए धातु के टुकड़ों को सुरक्षित तरीके से हटाने का काम किया।
10:33 AM, 17-Jul-2026

ईरान ने सीरिया में अमेरिकी सैन्य अड्डे को बनाया निशाना

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने सीरिया के अल-तनफ सैन्य अड्डे पर स्थित अमेरिकी विशेष अभियान कमांड सेंटर पर हमला किया है। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि यह कार्रवाई ईरान के ईरानशहर में ईरानी सैनिकों की हत्या के जवाब में की गई है। आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूरा नियंत्रण बना हुआ है और जब तक अमेरिका के नए हमले जारी रहेंगे, तब तक इस रणनीतिक जलमार्ग से तेल और गैस का कोई निर्यात नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
10:31 AM, 17-Jul-2026

 जेडी वेंस ने कुशनर-विटकॉफ पर लगे आरोपों को बताया 'पूरी तरह झूठा'

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पर ईरान वार्ता के दौरान वित्तीय लाभ उठाने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ये दावे पूरी तरह झूठे हैं और दोनों राष्ट्रपति की टीम के भरोसेमंद सदस्य हैं। वेंस ने कहा कि अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर लाभ कमाने का आरोप 'बेतुका' है। उनका यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान ने स्विट्जरलैंड में हुई वार्ता के दौरान वेंस को संदेश भेजकर कुशनर और विटकॉफ पर अपनी भूमिका का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। वेंस ने स्पष्ट किया कि उन्हें ऐसा कोई संदेश कभी नहीं मिला और दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए सबसे अधिक प्रयास किए हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले ही वेंस ने इज़राइल सरकार के कुछ सदस्यों पर अमेरिकी शांति प्रयासों को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया था।
10:31 AM, 17-Jul-2026

  उत्तरी इराक के सुलैमानीया में धमाकों से दहशत

उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र के शहर सुलैमानीया में शुक्रवार को चार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने की खबर है। कुर्द समाचार मंच रुडाव के अनुसार, शहर में लगातार हुए इन विस्फोटों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल धमाकों के कारण, संभावित नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं, जबकि अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
09:43 AM, 17-Jul-2026

कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से हमले का दावा

ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य तैनाती वाले ठिकानों और लॉजिस्टिक सपोर्ट सेंटरों को ड्रोन हमलों का निशाना बनाया है। सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, सेना ने अपने बयान में कहा कि वह अपने इतिहास, जनसमर्थन, अनुभव और युद्धक तैयारी के दम पर किसी भी दबाव या खतरे का पूरी सतर्कता और मजबूती से सामना करने के लिए तैयार है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और अमेरिका या कुवैत की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

09:09 AM, 17-Jul-2026

अमेरिका ने होर्मुज में रोके तीन जहाज

यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि ईरान के खिलाफ लागू अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के तहत नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे तीन कमर्शियल जहाजों को रोका गया। इनमें एक जहाज को निष्क्रिय कर दिया गया, दूसरे पर अमेरिकी सैनिकों ने सत्यापन के लिए बोर्डिंग की, जबकि तीसरे का रास्ता बदल दिया गया। 16 जुलाई को अमेरिकी मरीन की 11वीं मरीन एक्सपीडिशनरी यूनिट ने एम/टी वेन याओ टैंकर पर बोर्डिंग अभियान चलाया और ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर कार्रवाई फिर से शुरू कर दी। अमेरिकी सेना का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खुला और सुरक्षित है, लेकिन केवल वे जहाज रोके जा रहे हैं जो अमेरिका की 'स्टील वॉल ब्लॉकेड' का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहे हैं। सेंटकॉम ने दावा किया कि चेतावनियों की अनदेखी करने वाले कुराकाओ के झंडे वाले एम/टी बेल्मा टैंकर को हेलफायर मिसाइल से निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे वह ईरान के खार्ग द्वीप की ओर नहीं बढ़ सका।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed