{"_id":"69d08d2e83df290eaa0799ec","slug":"three-families-devastated-in-early-morning-banka-road-tragedy-three-cousin-brothers-killed-in-car-bike-collision-bhagalpur-news-c-1-1-noi1235-4124971-2026-04-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: बांका में सुबह-सुबह मचा मातम; तेज रफ्तार कार ने छीनी तीन भाइयों की जिंदगी, तीन घरों के बुझे चिराग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: बांका में सुबह-सुबह मचा मातम; तेज रफ्तार कार ने छीनी तीन भाइयों की जिंदगी, तीन घरों के बुझे चिराग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांका
Published by: भागलपुर ब्यूरो
Updated Sat, 04 Apr 2026 09:45 AM IST
विज्ञापन
सार
Bihar News: बांका के देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन सगे व चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। कार सवार परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया। घटना
बांका में सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बांका के देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों की जान ले ली। हादसा इतना वीभत्स था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए; पहिया और इंजन अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। इस दुर्घटना में कार सवार परिवार के कई सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए, जो सुल्तानगंज से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन हेतु देवघर जा रहे थे।
Trending Videos
आमने-सामने की भिड़ंत में मौके पर थमी सांसें
घटना जिले के बियामोड़ थाना क्षेत्र के बिज्जीखैरवा गांव के समीप सुबह करीब 6 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार और बाइक दोनों की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलीडूमर थाना क्षेत्र के बबरझोप निवासी सुरेंद्र साह, रुपेश साह और बालेश्वर शाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आपस में सगे और चचेरे भाई थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
पूजा की खुशी मातम में बदली
हादसे का दूसरा पक्ष भी उतना ही दुखद रहा। झारखंड के गढ़वा जिला स्थित नगमा गांव निवासी प्रवीण कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ बाबा धाम की यात्रा पर थे। इस हादसे में कार सवार पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी और खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
मंजर बता रहा कितना भयंकर था हादसा
टक्कर के बाद का नजारा भयावह था। बाइक के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखरे पड़े थे, जिसे देखकर वाहन की गति का अंदाजा लगाया जा सकता था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही जिलेबियामोड़ थाना अध्यक्ष राजू ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। हादसे के बाद काफी देर तक मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।
ये भी पढ़ें: SIT ने मोतिहारी जहरीली शराब नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 700 लीटर स्प्रिट जब्त, 1 जांच में 8 गिरफ्तार
गांव में पसरा सन्नाटा
जैसे ही तीनों भाइयों की मौत की खबर उनके पैतृक गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन अर्थियां उठने की आशंका से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।