Bihar BJP Website: भाजपा के सम्राट अब तक सीएम नीतीश कुमार पर हमलावर! बिहार में पार्टी के नए अध्यक्ष अब भी गायब
BJP Party : अगर आज 29 जनवरी होता तो इसे गलती नहीं माना जा सकता था, क्योंकि एक दिन पहले ही सीएम नीतीश कुमार भाजपा के साथ गए थे। अगर आज 27 जुलाई होता तो भी माना जा सकता था कि नए प्रदेश अध्यक्ष 26 जुलाई को घोषित हुए थे। आज की तारीख में तो यह अपराध है।
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की महागठबंधन सरकार से 28 जनवरी 2024 को इस्तीफा दिया और फिर विधानसभा चुनाव 2020 के जनमत वाली सरकार बनाते हुए भारतीय जनता पार्टी के साथ हो लिए थे। इस साल की शुरुआत से ठीक पहले जब सीएम नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी जनता दल यूनाईटेड की कमान अपने हाथों में ली थी, तभी से भाजपा मुख्यालय ने सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाकर घुट्टी पिलाई थी कि फिलहाल मौन रखें। सीएम नीतीश पर हमला नहीं बोलें। बिहार भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी उसके पहले सीएम नीतीश पर रोज बयान दे रहे थे। खैर, सरकार में सीएम नीतीश के साथ भाजपा आ गई। फ्लोर टेस्ट भी पास कर गई। लेकिन, तब छोड़िए... अब भी सीएम नीतीश पर सम्राट चौधरी के हमले वाली खबरों का शीर्षक बिहार भाजपा की वेबसाइट के मुख पृष्ठ पर नजर आ रहा है। सीधे सीएम नीतीश पर हमला करते हुए दिख रहे हैं सम्राट चौधरी। वह भी तब, जबकि उनसे 26 जुलाई को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद लेकर दिलीप जायसवाल को दे दिया गया। वह भी 20 दिन में यह गलती नहीं सुधार सके हैं।
भाजपा की मुख्य साइट से बिहार तक गड़बड़ी
भाजपा की मुख्य वेबसाइट पर 26 जुलाई को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए दिलीप जायसवाल की तस्वीर है, लेकिन 28 जनवरी को भाजपा की सरकार बनने के बाद सम्राट चौधरी के बराबर उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने वाले भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा की तस्वीर नहीं है। भाजपा की मुख्य वेबसाइट को अगर हिंदी में खोलेंगे तो बिहार भाजपा की वेबसाइट तक जाने के लिए हाइपर लिंक नहीं मिलेगा, मतलब बिहार प्रदेश की वेबसाइट का पता नहीं दिखेगा। अंग्रेजी में यह दिखेगा। जब बिहार भाजपा की वेबसाइट पर आएंगे तो होम पेज पर जाने से पहले यह पूछा जाएगा कि आप रोबोट तो नहीं हैं? जब आप बता देंगे कि नहीं, तो मुख पृष्ठ खुलेगा। ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीचे सम्राट चौधरी छाए दिखेंगे। यह तभी से है, जब सम्राट चौधरी डिप्टी सीएम नहीं बल्कि प्रदेश अध्यक्ष थे। अब भी बिहार भाजपा की वेबसाइट पर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सम्राट चौधरी का नाम लिखा है, प्रमाण के लिए https://bihar.bjp.org पर जाएं। यहां प्रदेश पदाधिकारियों की सूची देखना चाहेंगे तो सम्राट चौधरी के अलावा दो प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ बिहार भाजपा कार्यालय प्रभारी की तस्वीर दिखेगी, बाकी का सिर्फ नाम। जिलाध्यक्षों के साथ भी ऐसा ही है, वैसे कई का नाम भी नहीं है और कई पुराने ही पड़े हैं।
नोट- इन प्रमाणों को किसी भी समय बदला जा सकता है, क्यों... पढ़ें आगे
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से 'अमर उजाला' ने जब इतनी गड़बड़ियां बताईं तो वह चौंक गए। शुक्रवार शाम 6:10 पर हुई बातचीत के बाद उन्होंने तत्काल वेबसाइट देखने वाली टीम को सुधार के लिए कहा। उन्होंने कहा कि "सीएम नीतीश कुमार बिहार में हमारे नेता हैं, उनके खिलाफ पहले दिया गया कोई बयान है तो उसे तत्काल हटाया जाएगा। अगर मैं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नहीं दिख रहा हूं तो वह भी ठीक कराता हूं। सारी गड़बड़ी बताने के लिए आभार।"
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.