Bihar: मुजफ्फरपुर में RJD का झंडा लगी थार से युवक का अपहरण, सड़क किनारे फेंका; पीछा कर आरोपी को दबोचा
मुजफ्फरपुर में RJD का झंडा लगी थार से एक युवक के कथित अपहरण के बाद उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद से जुड़ा मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आया। आरोप है कि RJD का झंडा और जिला सचिव का बोर्ड लगी थार गाड़ी से युवक का अपहरण किया गया और बाद में उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीछा कर थार गाड़ी समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना सर्किट हाउस रोड के पास की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की और फिर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके बयान के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से थार गाड़ी को जब्त कर उसके चालक मोहम्मद रहमान को गिरफ्तार कर लिया। वह कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जब्त थार पर RJD का झंडा और जिला सचिव का बोर्ड लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का बड़ा भाई RJD से जुड़ा हुआ है और जिला सचिव के पद पर है।
पढ़ें: राजद ने पुराने चेहरे पर खेला दांव; BJP और PK के सामने रेखा गुप्ता को उतारा
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी एक युवती से दोस्ती थी और घायल युवक उसे लगातार धमकी दे रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है।
नगर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (नगर-1) सुरेश कुमार ने बताया कि थार गाड़ी जब्त कर ली गई है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।