Bihar News: मनरेगा के पैसे पर कमीशन! जहानाबाद में 12 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए मुखिया
बिहार के जहानाबाद जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के मुखिया को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि मुखिया ने मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्य का भुगतान जारी करने के बदले शिकायतकर्ता से कमीशन की मांग की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के जहानाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के मुखिया को मनरेगा योजना के भुगतान के बदले 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और मुखिया को शिकायतकर्ता से पैसे लेते समय दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है।
मनरेगा भुगतान के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, पोखमा निवासी प्रमोद कुमार ने मनरेगा योजना के तहत कार्य कराया था। काम पूरा होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि भुगतान कराने के बदले पंडौल पंचायत के मुखिया ने प्रमोद कुमार से 12 हजार रुपये कमीशन के तौर पर मांगे। बार-बार रुपये की मांग किए जाने से परेशान प्रमोद कुमार ने पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत सही मिलने पर निगरानी विभाग ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ मुखिया के पास भेजा गया, जबकि निगरानी विभाग की टीम पहले से आसपास निगरानी कर रही थी।
12 हजार रुपये लेते ही दबोच लिया गया मुखिया
पूर्व निर्धारित योजना के तहत नेहालपुर के समीप जैसे ही पंडौल पंचायत के मुखिया ने शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये लिए, निगरानी विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मुखिया को अपने साथ लेकर चली गई।
कार्रवाई के बाद पंचायत में मचा हड़कंप
मनरेगा योजना के भुगतान के बदले रिश्वत लेने के आरोप में मुखिया की गिरफ्तारी के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग की टीम गिरफ्तार मुखिया से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।