{"_id":"68eca5ffe867fda7dc0ebbbb","slug":"bihar-news-nomination-process-started-for-five-assembly-seats-in-supaul-bihar-election-2025-kosi-news-c-1-1-noi1372-3513819-2025-10-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Election: सुपौल की सभी पांच विधानसभा सीटों पर नामांकन शुरू, डीएम-एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Election: सुपौल की सभी पांच विधानसभा सीटों पर नामांकन शुरू, डीएम-एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सुपौल
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Mon, 13 Oct 2025 02:29 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar Election 2025: जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन के वक्त उपस्थित नहीं रहने वाले अभ्यर्थियों को संवीक्षा के एक दिन पूर्व तक निर्वाची पदाधिकारी को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष शपथ लेने का साक्ष्य देना होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते डीएम-एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुपौल के सभी पांच विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। इसको लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार ने सोमवार की सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकरी दी। उन्होंने बताया कि सुपौल, निर्मली और त्रिवेणीगंज विधानसभा के लिए संबंधित एसडीएम के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा।
Trending Videos
वहीं पिपरा का नामांकन सुपौल सदर डीसीएलआर व छातापुर का वीरपुर एसडीएम के समक्ष दाखिल किया जाएगा। नामांकन 20 अक्तूबर तक दाखिल किया जा सकेगा। नामांकन के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक का समय निर्धारित है। उन्होंने बताया कि नामांकन के मद्देनजर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय परिसर के आसपास ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इससे आगे अभ्यर्थियों के साथ अधिकतम 10 लोग और वेश्म में अधिकतम 05 लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
नामांकन अधिकतम चार सेट में दाखिल किया जा सकेगा। नामांकन हेतु अभ्यर्थियों को सामान्य सीट पर 10 हजार और आरक्षित सीट पर 05 हजार रुपए का नाजीर रसीद कटाना होगा। सुपौल में त्रिवेणीगंज की सीट आरक्षित है। यहां अभ्यर्थी को मूल जाति प्रमाणपत्र जमा कराना होगा। 21 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी। 23 अक्तूबर तक अभ्यर्थी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके उपरांत राजनीतिक दलों के उम्मीदवार को पार्टी सिंबल जारी किया जाएगा। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह चुनने का अवसर दिया जाएगा। 11 नवंबर को सुबह 07 से शाम 06 बजे तक मतदान होगा। 14 नवंबर को सुबह 08 बजे से मतगणना शुरु होगी।
पढ़ें: जयप्रकाश की धरती से उठी युवाओं की आवाज, पलायन और बेरोजगारी पर सवाल; इस बार इनसे उम्मीद की आस
खर्च की निगरानी के लिए 24 घंटे चालू रहेगा कॉल सेंटर
जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन के वक्त उपस्थित नहीं रहने वाले अभ्यर्थियों को संवीक्षा के एक दिन पूर्व तक निर्वाची पदाधिकारी को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष शपथ लेने का साक्ष्य देना होगा। वहीं चुनावी खर्च हेतु नामांकन के एक दिन पूर्व अभ्यर्थी के नाम से अथवा अभ्यर्थी व निर्वाचन अभिकर्ता के संयुक्त नाम से बैंक खाता का विवरण उपलब्ध कराना होगा। खर्च से संबंधित शिकायतों की निगरानी के लिए जिलास्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित लहटन चौधरी सभागार के प्रथम तल पर 24 घंटे कॉल सेंटर सक्रिय रहेगा। कोई भी व्यक्ति इस पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। लोग एसटीडी कोड 06473 के साथ 224801/02/03/04 पर कॉल कर सकते हैं।
36 बूथों के लिए रहेगी नाव की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने बताया कि कोसी तटबंध के इलाके में 91 मतदान केंद्र अवस्थित हैं। इनमें से 36 बूथों पर जाने के लिए नदी को पार करना पड़ता है। मतदान कर्मियों के लिए भी यहां ससमय चुनाव कराना मुश्किल काम होता है। ऐसे में इन बूथों पर आवागमन के लिए नाव का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। जिला कंट्रोल रूम से बूथों पर चल रहे निर्वाचन कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी।
26 चेकपोस्ट और 16 एसएसटी प्वाइंट पर हो रही नियमित जांच
इधर, एसपी शरथ आरएस ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर इंडो-नेपाल बॉर्डर पर 12 और अंतरजिला सीमा पर 14 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा 16 एसएसटी प्वाइंट पर भी 24 घंटे चेकिंग कराई जा रही है। सीएपीएफ की 10 कंपनियों के सहयोग से फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन व चेकिंग अभियान चल रहा है। अक्तूबर माह में अब तक 02 देशी कट्टा व 99 राउंड कारतूस बरामद किया गया है। वहीं 239 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। 3543 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के तहत बॉण्ड भराया गया है, जो अभी जारी है। इसके अलावा 2314.26 लीटर शराब और 101.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। स्वच्छ और शांतिपूर्ण चुनाव के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध कुमार यादव भी मौजूद थे।