Bihar News: ढाई साल की मासूम से हैवानियत, पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, खून से लथपथ मिली बच्ची
Bihar News: बिहार के सहरसा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां सौरबाजार थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची को पड़ोसी युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सौरबाजार थाना इलाके में एक 30 वर्षीय युवक ने ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। खून से लथपथ हालत में बच्ची को सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।
खेलते वक्त तौलिए में छिपाकर ले गया दरिंदा
पीड़िता के पिता ने बताया कि वह पंजाब में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी चार संतानों में पीड़िता सबसे छोटी (ढाई वर्ष) है। घटना के वक्त बच्ची घर के दरवाजे के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस का ही रहने वाला एक युवक वहां पहुंचा और बच्ची को तौलिए से ढककर अगवा कर लिया। आरोपी उसे पास की एक बाड़ी (बगीचे) में ले गया, जहां उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
बेहोश मिली बच्ची, बह रहा था खून
एक ग्रामीण ने जब परिवार को घटना की जानकारी दी, तो वे बदहवास होकर मौके पर पहुंचे। वहां बच्ची बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। परिजनों के मुताबिक, बच्ची को काफी ब्लीडिंग हो रही थी। उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं।
ये भी पढ़ें: रिश्ते हुए शर्मसार, चचेरे मामा ने चार वर्षीय भांजी से किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार
एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सहरसा के साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर अस्पताल में एक रेप पीड़िता बच्ची इलाजरत है। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। डीएसपी ने कहा, प्रथम दृष्टया यह दुष्कर्म का मामला प्रतीत होता है। बच्ची फिलहाल होश में है और उसका इलाज जारी है। घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और एफएसएल की टीम जांच कर रही है। शक के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.