Bihar: सात साल की उम्र में बिहार के गीतांक ने मचाया धमाल, इस खेल में जीता स्वर्ण पदक; अब चीन जाने की तैयारी
Bihar: नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल हासिल करने वाले गीतांक की नजर अब अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों पर है। यह मुकाबले सितंबर-अक्टूबर माह में चीन में होने हैं। उसकी सफलता से परिजन सहित पूरा गांव गदगद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपौल जिले के 7 वर्षीय गीतांक आयुष ने अपनी शानदार प्रतिभा से पूरे देश में बिहार का नाम रोशन किया है। गीतांक ने कियो सब जूनियर कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप-2026 में 7 वर्ष (अंडर-25 किलोग्राम) वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 4 से 7 जून तक उत्तराखंड के देहरादून स्थित मल्टी पर्पस हॉल, परेड ग्राउंड में आयोजित हुई थी, जिसमें उसने बिहार का प्रतिनिधित्व किया। अब गीतांक सितंबर-अक्टूबर में चीन में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके लिए उसे विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
गीतांक के कोच सुभाष कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उसके कुल चार मुकाबले हुए। पहले राउंड में उसने सिक्किम के रेयांश क्षेत्री को 6-0 से हराया। दूसरे राउंड में कर्नाटक के एम. गौड़ा विहान को 6-0 से मात दी। सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश के एरोन जॉर्ज को 8-2 से पराजित किया। वहीं फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र के शौर्य प्रजापति को 6-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
पढ़ें: आज 32 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दरभंगा में मंदिर पर गिरी बिजली; दो जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
इससे पहले गीतांक ने जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी गोल्ड मेडल जीते हैं। वह सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड के रामनगर वार्ड-16 निवासी अजय कुमार मंडल और आकृति कुमारी का पुत्र है। अजय कुमार मंडल सचिवालय में वित्त अधिकारी हैं, जबकि उनकी पत्नी आकृति कुमारी गृहिणी हैं। गीतांक अपने माता-पिता के साथ पटना में रहता है और एक निजी विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र है। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसका भव्य स्वागत किया और उसकी उपलब्धि पर पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा।
गीतांक के माता-पिता ने बताया कि बेटे की खेल में रुचि को देखते हुए उसे कराटे का प्रशिक्षण दिलाया गया। कोच सुभाष कुमार के अनुसार, वह पिछले एक वर्ष से गीतांक को प्रशिक्षण दे रहे हैं। गीतांक ने 28 से 30 मार्च तक पटना में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद 9 और 10 मई को आयोजित राज्य स्तरीय अंतरजिला प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। अब परिवार और कोच को उससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतने की उम्मीद है।