सहरसा में सनसनी: नवहट्टा से पांच नाबालिग लड़कियां लापता, इलाके में हड़कंप, घास काटने निकलीं; फिर नहीं लौटीं
सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव से घास काटने के लिए घर से एक साथ निकली पांच बच्चियां लापता हो गईं हैं। सभी लड़कियों की उम्र 10 से 17 साल के बीच बताई जा रही है।
विस्तार
सहरसा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। नवहट्टा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत नवहट्टा अंतर्गत वार्ड संख्या 18 पिपराही से तीन परिवारों की पांच नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। एक साथ पांच बच्चियों के गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
परिजनों के अनुसार, 27 फरवरी की सुबह करीब 11:30 बजे सभी लड़कियां घर से घास काटने के लिए निकली थीं। देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटीं, तो परिवारवालों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लापता बच्चियों की पहचान राधा कुमारी (17 वर्ष), नेहा कुमारी (14 वर्ष), ज्योति कुमारी (12 वर्ष), कोमल कुमारी (12 वर्ष) और प्रीति कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों का कहना है कि खोजबीन के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि शाम करीब 4 बजे लड़कियों को तुलसीपुर की ओर जाते देखा गया था। अपने स्तर पर काफी तलाश के बाद भी जब बच्चियां नहीं मिलीं, तो परिजनों ने रात करीब 8 से 9 बजे के बीच नवहट्टा थाना पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें: सड़क हादसा में दो युवकों की मौत पर परिजन ने अस्पताल में काटा हंगामा, डॉक्टर पर लगे गंभीर आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। डीएसपी (हेडक्वार्टर-2) कमलेश्वर प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नवहट्टा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन तेज कर दी गई है। इधर, बच्चियों के लापता होने से तीनों परिवारों में मातम का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें बच्चियों की तलाश में जुटी हुई हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।