{"_id":"68ebd4ed1ce56f3fbb01997f","slug":"saharsa-notorious-criminal-jagga-yadav-arrested-during-vehicle-check-9mm-pistol-4-live-cartridges-recovered-2025-10-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar Crime: वाहन जांच के दौरान कुख्यात अपराधी जग्गा यादव गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar Crime: वाहन जांच के दौरान कुख्यात अपराधी जग्गा यादव गिरफ्तार, 9 एमएम पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 12 Oct 2025 09:48 PM IST
विज्ञापन
सार
Saharsa Crime: सहरसा में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी जग्गा यादव को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने 9 एमएम पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। तीसरा आरोपी फरार है।
पुलिस जांच में जुटी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सहरसा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जगह-जगह चेकपोस्ट बनाए गए हैं और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
Trending Videos
इसी क्रम में रविवार को नया बाजार स्थित सिल्की पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। चेकिंग के दौरान कुख्यात अपराधी जग्गा यादव को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
कार से मिली पिस्तौल और कारतूस
मौके पर मौजूद यातायात डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम नया बाजार क्षेत्र में वाहनों की गहन जांच कर रही थी। इस दौरान एक काले रंग की नेक्सॉन कार को रोका गया, जिसमें तीन लोग सवार थे। जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास से 9 एमएम की पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा व्यक्ति फरार हो गया। भागे हुए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
सिमरीबख्तियारपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार अपराधी जग्गा यादव सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सुखासनी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह सहरसा में रहकर कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ महीने पहले सदर थाना क्षेत्र के अस्पताल कॉलोनी में आपसी वर्चस्व के विवाद में उसे गोली भी मारी गई थी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: तालाब ने निगली तीन बहनों की जिंदगी, परिवार और गांव में मातम
‘जग्गा यादव का आपराधिक इतिहास रहा है’
डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाहन जांच के दौरान जब नेक्सॉन कार की तलाशी ली गई, तो जग्गा यादव के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। उसे और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी में मौजूद तीसरा व्यक्ति फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
चुनाव से पहले अपराधियों पर नकेल कसने की कवायद
सहरसा पुलिस की इस कार्रवाई को चुनाव से पहले अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को बिना जांच आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। एसपी के निर्देश पर पूरे जिले में पुलिस बल को उच्च सतर्कता पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- Bihar: जमुई में हाईवोल्टेज प्रेम ड्रामा, 80 दिन बाद शादी कर लौटा युवक, पहली पत्नी ने थाने में मचाया हंगामा