Bihar News: बेगूसराय में असम पुलिस के जवान की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी व बेटा गिरफ्तार
Bihar: बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र में असम पुलिस के जवान जंगली मलिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि बेटी हिरासत में है। पारिवारिक विवाद को कारण माना जा रहा है।
विस्तार
बिहार के बेगूसराय जिले में असम पुलिस के जवान की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना मंसूरचक थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मृतक जवान की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंसूरचक पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी स्वर्गीय जागेश्वर मलिक के 57 वर्षीय पुत्र जंगली मलिक के रूप में हुई है। वह असम पुलिस में कार्यरत था और छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि जंगली मलिक सिमरतल्ला चौक से अपने घर (लोकपरिया) जाने के लिए पगडंडी रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान घर से करीब सौ मीटर दूर गेहूं के खेत में अज्ञात लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मंसूरचक थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की। इस दौरान मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी (37 वर्ष) और पुत्र संजय मलिक को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुत्री को हिरासत में लिया गया है।
पढे़ं: लूट के दौरान गोली मारने का मामला, दो आरोपियों को आजीवन कारावास की सुनाई गई सजा
तेघड़ा एसडीपीओ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस जांच में सामने आया है कि जंगली मलिक ने पहली पत्नी के रहते असम में दूसरी शादी की थी, जिसे लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद घर में लूटपाट जैसा माहौल बनाकर मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि, गिरफ्तार पुत्र संजय मलिक ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
