Bihar: शादी की सालगिरह के आठ दिन बाद युवक की रहस्यमयी मौत, चौथी मंजिल से गिरने के बाद खुली दो शादियों की कहानी
बिहार के जमुई में शादी की सालगिरह मनाने के महज आठ दिन बाद दीपक कुमार यादव की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक ने दो शादियां की थीं और दोनों परिवारों की जिम्मेदारी निभा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के जमुई में एक युवक की शादी की सालगिरह मनाने के महज आठ दिन बाद चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद जांच में युवक की दो शादियों और दो परिवारों की कहानी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हादसा मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
दो शादियां और दो परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था दीपक
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव के रूप में हुई है। उसकी पहली शादी लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी काजल कुमारी से हुई थी। पहली पत्नी से उसके ढाई साल का एक बेटा और सात महीने की एक बेटी है। बाद में दीपक की मुलाकात बरहट थाना क्षेत्र की सीमा कुमारी से हुई, जो एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। खैरा में नौकरी के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में दोनों ने शादी कर ली। वर्तमान में सीमा झारखंड के बेंगाबाद में पदस्थापित हैं। परिजनों के अनुसार दीपक ने पहली पत्नी से दूसरी शादी की बात नहीं छिपाई थी। वह दोनों परिवारों के बीच संतुलन बनाकर जीवन जी रहा था और दोनों पत्नियों तथा बच्चों की जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करता था।
19 जून को मनाई थी शादी की सालगिरह
दीपक ने 19 जून को दूसरी पत्नी सीमा के साथ शादी की सालगिरह अपने दोस्त रॉकी सिंह और परिजनों की मौजूदगी में मनाई थी। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे। सालगिरह के बाद दीपक अपनी पत्नी सीमा को जमुई रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था, जहां से वह अपनी ड्यूटी पर लौट गई थीं।
चौथी मंजिल से गिरने से हुई मौत
घटना के संबंध में दीपक के दोस्त रॉकी सिंह ने बताया कि दोनों एक तिलक समारोह से लौटे थे। देर रात जब वे फ्लैट पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दीपक ने पाइप के सहारे छत से नीचे उतरकर किचन की खिड़की के रास्ते घर का दरवाजा खोलने की बात कही। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह चौथी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल दीपक को पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना पर पहुंचे दोस्त को भी मारी गोली
इधर, दीपक की मौत की खबर मिलते ही उसका दोस्त सूरज कुमार सदर अस्पताल पहुंचा। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल सूरज कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच में जुटी
एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि अब तक मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला बिल्डिंग से गिरने के कारण हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस मौत और गोलीकांड दोनों मामलों की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि दीपक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।