Bihar: 5 मिनट में जीत ली जंग! मुंगेर पुलिस ने रूम हीटर गैस से बेहोश परिवार को किया रेस्क्यू, दी नई जिंदगी
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र में मकससपुर मोहल्ला के चंद्रशेखर साहु के घर रूम हीटर खराब होने से चार सदस्य बेहोश हो गए। डायल-112 टीम और थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप ने मौके पर तुरंत पहुंचकर शीशा तोड़कर घर में प्रवेश किया और सभी को अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र में 1 जनवरी को पुलिस की तत्परता और मानवता का उदाहरण देखने को मिला। मकससपुर मोहल्ला निवासी चंद्रशेखर साहु के घर में रूम हीटर खराब होने के कारण परिवार के चार सदस्य बेहोश हो गए थे। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 पर सूचना मिली कि मकससपुर मोहल्ला में रहने वाले एक घर से कोई जवाब नहीं दे रहा है और चार लोगों की हालत गंभीर लग रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मात्र पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत कच्छप भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घर के अंदर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस टीम ने सीढ़ी लगाकर घर का शीशा तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। अंदर जाकर देखा गया कि चंद्रशेखर साहु, उनकी पत्नी रिता देवी, पुत्र रितेश कुमार और पुत्रवधू प्रीति कुमारी बेहोश पड़े थे।
ये भी पढ़ें- Bihar News: बेकाबू कार ने कई राहगीरों को रौंदा, एक महिला सहित तीन घायल; डिवाइडर से टकराने पर मची अफरा-तफरी
घर के अंदर रूम हीटर जल रहा था, जिसका फिलामेंट टूट चुका था। इससे निकल रही गैस के कारण कमरे में घुटन भरा माहौल बन गया था। पुलिस ने बिना देर किए सभी को तुरंत पुलिस वाहन से मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। लगभग 30 मिनट में चारों की हालत में सुधार हुआ और सभी पूरी तरह स्वस्थ हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय कार्य की जमकर सराहना की। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि इस सराहनीय कार्य के लिए डायल-112 टीम, कासिम बाजार थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
