Bihar: झूठा वादा कर नाबालिग का किया यौन शोषण, शादी के लिए दहेज में मांगी बाइक, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
Bihar: बिहार के बेतिया में एक युवक ने पहले तो शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण किया। इसके बाद जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी के बदले दहेज में बाइक और नकदी की मांग कर दी।
विस्तार
पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र में मानवता और विश्वास को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया गया। हद तो तब हो गई जब मामले को सुलझाने के लिए बैठी पंचायत में आरोपी पक्ष ने मर्यादा को ताक पर रखकर दहेज में बाइक और नकदी की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार करने के बाद पीड़िता की मां ने थाने में गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव के युवक ने नाबालिग को फंसाया
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, केसरिया गांव निवासी नितेश कुमार ने नाबालिग को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। आरोपी ने पीड़िता को शादी का सुनहरा सपना दिखाया और इसी बहाने उसका शारीरिक शोषण करने लगा। पीड़िता जब भी सामाजिक तौर पर रिश्ते को स्वीकारने और शादी करने का दबाव बनाती, नितेश हर बार टालमटोल कर उसे बहला देता था। मामले की जानकारी जब पीड़िता की मां को हुई, तो उन्होंने गांव के प्रबुद्ध लोगों के बीच न्याय की गुहार लगाई। गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां आरोपी नितेश के परिजनों ने शादी के लिए अपनी रजामंदी तो दी, लेकिन साथ ही एक बाइक और भारी भरकम नकदी की मांग रख दी।
शादी के वादे से मुकरा आरोपी
पीड़िता का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण यह मांग पूरी करने में असमर्थ रहा, जिसके बाद आरोपी पक्ष शादी के वादे से मुकर गया। पंचायत विफल होने के बाद पीड़िता की मां ने हार नहीं मानी और शिकारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ज्वाला कुमार सिंह ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की। केस की कमान महिला अनुसंधानकर्ता एकता सागर को सौंपी गई।
ये भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीट कर हत्या, फोन पर बुला कर दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी कर आरोपी नितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया है। नाबालिग के यौन शोषण का मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। अनुसंधानकर्ता ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस पूरे प्रकरण पर शिकारपुर के थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.