Bihar News : बारातियों का स्वागत ऐसे किया कि निलंबित हो गए स्कूल प्रधानाध्यापक! एक नहीं, कई नियम टूट गए थे
School News : वैशाली जिले के हाजीपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्लियाचक में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम और अश्लील डांस के आरोपों के बाद प्रधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विस्तार
वैशाली जिले में शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी वैशाली, वर्षा सिंह के निर्देश के बाद हाजीपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्लियाचक में कथित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम और अश्लील डांस के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि विद्यालय परिसर में शैक्षणिक मर्यादा के विपरीत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्राप्त जवाब को असंतोषजनक पाया गया। निलंबन के दौरान प्रधानाध्यापक का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, लालगंज का कार्यालय निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता जारी रहेगा। इसके अलावा, पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर आरोपों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया कि विद्यालय ज्ञान और संस्कार का केंद्र हैं और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और शैक्षणिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
डीएम ने यह भी कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी संस्थाओं में जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अनिवार्य है और अगर कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई का कारण एक शादी समारोह के दौरान स्कूल में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का वीडियो था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। प्रशासन की यह सख्ती शिक्षा तंत्र में स्पष्ट संदेश देती है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।