Bihar: स्कूल में मिड डे मील का खाना खाने के बाद बीमार पड़े बच्चे, खुद अस्पताल पहुंचे बीडीओ
Bihar: वैशाली के महुआ स्थित मध्य विद्यालय नीलकंठपुर में मिड डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद नाराज अभिभावकों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल अंतर्गत मध्य विद्यालय नीलकंठपुर में शुक्रवार को मिड डे मील खाने के बाद कई बच्चों के पेट में दर्द की शिकायत सामने आई। इसके बाद आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल के पास सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने में जुट गई। जानकारी के अनुसार, स्कूल में मिड डे मील का भोजन एकता शक्ति फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि मिड डे मील खाने के बाद करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चों के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। आनन-फानन में कई छात्रों को इलाज के लिए महुआ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल के बाहर जुटी भीड़
बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही स्कूल के बाहर अभिभावकों की भारी भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
शिक्षक ने आरोपों को बताया गलत
विद्यालय के शिक्षकों ने मिड डे मील में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया है। शिक्षकों का कहना है कि भोजन पूरी तरह सुरक्षित था और कुछ लोग स्थानीय राजनीति के तहत जानबूझकर हंगामा कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्कूल के बाकी बच्चों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
जांच के लिए सुरक्षित रखे गए भोजन के सैंपल
घटना की सूचना मिलने के बाद महुआ थाना पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। मिड डे मील के सैंपल जांच के लिए सुरक्षित रख लिए गए हैं। अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: बेटी की लव मैरिज की सजा मां को! रात डेढ़ बजे घर में घुसे हमलावर, सोती महिला को मारी गोली
बीडीओ ने बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
पेट दर्द की शिकायत मिलने के बाद महुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सौरव बरनवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ बच्चों को अपनी गाड़ी से और एंबुलेंस की मदद से महुआ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में बच्चों का इलाज किया गया, जहां कई बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि कुछ बच्चों को दवाइयां दी जा रही हैं।