Twisha Sharma Case: दिल्ली एम्स की टीम दोबारा करेगी त्विषा का पोस्टमार्टम, एमपी हाईकोर्ट ने दिए आदेश
जबलपुर हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने के आदेश दिए हैं।अब दिल्ली एम्स की टीम दोबारा पोस्टमार्टम करेगी। वहीं गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने को लेकर राज्य सरकार की तरफ से याचिका लगाई गई। इसमें गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया गया है। वहीं त्विषा के पति समर्थ सिंह के वकील ने कहा कि समर्थ सिंह आत्मसमर्पण करके जमानत याचिका लगाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जबलपुर हाईकोर्ट में शुक्रवार को त्विषा केस से संंबंधित तीन याचिकाओं में सुनवाई हुई। इसमें से एक याचिका त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने से संबंधित थी। इस याचिका का निस्तारण करते हुए कोर्ट ने त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं। पोस्टमार्टम भोपाल में दिल्ली एम्स की टीम करेगी। कोर्ट ने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम मृत देह के सम्मान को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट यह तय करेगा कि शव किसे सौंपा जाएगा।
इससे पहले राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रहने वाली त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों को भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय से झटका लगा था। परिवार वाले भोपाल एम्स में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से सहमत नहीं थे। इसके बाद उन्होंने सत्र न्यायालय में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की याचिका दायर की थी, जिसे सत्र न्यायालय ने खारिज कर दिया था। त्विषा शर्मा का 13 मई को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पोस्टमार्टम किया गया था। कोर्ट के आदेश के बाद अब दिल्ली एम्स की टीम त्विषा शर्मा का पोस्टमार्टम करेगी।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: सीबीआई करेगी त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश
वहीं राज्य सरकार की तरफ से जबलपुर हाईकोर्ट में दूसरी याचिका त्विषा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत को रद्द करने के लिए लगाई गई थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। इस मामले में अगली सुनवाई 25 मई को होगी।
त्विषा की सास गिरिबाला सिंह
तीसरी याचिका त्विषा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत को लेकर थी। बाद में इसे समर्थ सिंह के वकीलों ने वापस ले लिया। समर्थ सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा कि समर्थ सिंह न्यायालय में आत्मसमर्पण करेंगे। वहां उनकी जमानत के लिए याचिका लगाई जाएगी।
त्विषा का पति समर्थ सिंह
क्या है मामला?
दरअसल यह बहुचर्चित मामला भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली 31 वर्षीय त्विषा शर्मा की 12 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से संबंद्ध है। त्विषा का शव उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के एडवोकेट समर्थ सिंह से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही मायके पक्ष ने मानसिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और चरित्र पर सवाल उठाए जाने के आरोप लगाए। परिवार का दावा है कि त्विषा आत्महत्या नहीं कर सकतीं और उनकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि त्विषा करीब दो महीने की गर्भवती थीं और मौत से कुछ दिन पहले उनका गर्भपात कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि गर्भपात उनकी इच्छा के खिलाफ कराया गया था। वहीं शरीर पर चोट के निशान मिलने और मौत से कुछ मिनट पहले मां और भाई को किए गए फोन कॉल ने भी ससुराल परिवार को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी और सीबीआई जांच की मांग की है। पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमेंट
कमेंट X