Bihar News: मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा के बाद बवाल, छात्र को गोदाम से खींचकर पीटा; पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा के बाद दो छात्र गुटों में मारपीट हो गई। एक छात्र को गोदाम से खींचकर पीटा गया, जिसका वीडियो वायरल है। घायल छात्र का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्र के बाहर दो छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। परीक्षा समाप्त होने के बाद किसी विवाद को लेकर दो छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
बताया जा रहा है कि दोनों छात्र स्थानीय हैं और उनका परीक्षा केंद्र पास ही था। आरोप है कि पहले एक छात्र ने दूसरे की पिटाई की। इसके बाद घायल छात्र अपने साथियों को लेकर मौके पर पहुंचा, तो दूसरा छात्र भागकर पास के एक गोदाम में छिप गया। हालांकि, दूसरे गुट के छात्र उसे खोजते हुए वहां पहुंच गए और गोदाम से बाहर खींचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर बीच-बचाव किया, तब जाकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
पढ़ें: एक सप्ताह तक पटना सिविल कोर्ट में सब कुछ वर्चुअल; बम धमाकों की धमकी का असर
मारपीट में घायल छात्र की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र के अभिभावक ने आरोप लगाया कि साइंस कॉलेज में कॉमर्स की परीक्षा चल रही थी। उनका बेटा परीक्षा देकर बाहर निकला ही था कि कुछ स्थानीय लड़कों को बुलाकर उस पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और फिलहाल इलाज जारी है।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सदर थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने बताया कि कॉलेज के पास मारपीट की सूचना मिली थी। घायल छात्र का बयान दर्ज किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।