Bihar News: तेज धूप बनी आफत! मैट्रिक परीक्षा देकर निकली छात्रा बेहोश, अस्पताल में हुई भर्ती
मुजफ्फरपुर में मैट्रिक परीक्षा देकर बाहर निकलते समय 16 वर्षीय छात्रा नंदिनी कुमारी तेज धूप के कारण बेहोश हो गई। वह वाणिज्य इंटर कॉलेज केंद्र पर परीक्षा देने आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर मैदान में उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ी।
विस्तार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा के दौरान मुजफ्फरपुर में एक छात्रा परीक्षा देकर बाहर निकलते समय अचानक बेहोश हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
बेहोश हुई छात्रा की पहचान नंदिनी कुमारी (उम्र 16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुसहरी थाना क्षेत्र के द्वारकानाथपुर गांव की रहने वाली है। नंदिनी शहर के वाणिज्य इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वह केंद्र से बाहर निकल रही थी, तभी तेज धूप के कारण उसे चक्कर आ गया और वह जमीन पर गिर पड़ी।
पढ़ें: वैशाली में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और चाकू; 11 लोग हुए घायल
छात्रा के पिता ने कही ये बात
छात्रा के पिता महेश कुमार पासवान ने बताया कि उनकी बेटी समय पर परीक्षा देने पहुंची थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकलते समय काफी तेज धूप थी। परीक्षा केंद्र के बाहर मैदान में ही वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद परिजन और अन्य परीक्षार्थियों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी परीक्षा केंद्र के प्रभारी को भी दे दी गई है।
वहीं, छात्रा नंदिनी कुमारी ने बताया कि परीक्षा देकर निकलते समय उसे तेज धूप में चक्कर आया और वह गिर गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है परीक्षा केंद्र के दंडाधिकारी ने भी बताया कि एक छात्रा के बेहोश होने की सूचना मिली थी। उसे तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल छात्रा की हालत ठीक है और इलाज जारी है।