Bihar: प्रभाकर सिंह हत्याकांड का खुलासा, मुख्य शूटर और लाइनर गिरफ्तार; 3.50 लाख की सुपारी लेकर की थी हत्या
मुजफ्फरपुर में रालोजपा नेता प्रभाकर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य शूटर सत्यम कुमार सिंह और लाइनर डब्लू कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में जमीन के रुपये के विवाद में 3.50 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराए जाने का खुलासा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड के मुख्य शूटर और उसके सहयोगी (लाइनर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में आरोपी तुलसी राय और उदय पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
हत्या के लिए मिली थी 3.50 लाख रुपये की सुपारी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मुख्य शूटर की पहचान शिवहर जिले के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय सत्यम कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय वह बाइक चला रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि प्रभाकर सिंह की हत्या के लिए उसे और उसके साथी को 3.50 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। यह राशि दोनों शूटरों के बीच बराबर-बराबर बांटी गई थी। पुलिस ने मामले में अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी 35 वर्षीय डब्लू कुमार को भी गिरफ्तार किया है, जिसने वारदात में लाइनर की भूमिका निभाई थी।
जमीन के रुपये के विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश
जांच में सामने आया है कि प्रभाकर सिंह ने कुछ समय पहले तुलसी राय से एक जमीन खरीदी थी। बाद में जमीन के भुगतान और रुपये के हिस्से को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, तुलसी राय लगातार अपने हिस्से के रुपये की मांग कर रहा था, जबकि प्रभाकर सिंह भुगतान नहीं कर पा रहे थे। यही विवाद धीरे-धीरे हत्या की साजिश में बदल गया और सुपारी देकर उनकी हत्या करा दी गई। वारदात को अंजाम देने के लिए दूसरे जिले से शूटर बुलाए गए थे।
'27 साल सिर्फ भाषण और खोखले वादे', शहीद विशुनी राय के परिजनों का छलका दर्द, आज भी अधूरी हैं घोषणाएं
मुख्य शूटर का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य शूटर सत्यम कुमार सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ शराब तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार दूसरे शूटर और साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
30 मार्च को हुई थी दिनदहाड़े हत्या
गौरतलब है कि 30 मार्च को अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ चौक के समीप रालोजपा नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर सिंह (45) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रभाकर सिंह मूल रूप से गायघाट के बेरुआ गांव के निवासी थे और वर्तमान में परिवार के साथ चाणक्यपुरी मोहल्ले में रहते थे। वह रालोजपा के गायघाट प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। घटना वाले दिन वह किसी काम से जीरोमाइल चौक गए थे। दोपहर करीब 12:45 बजे बाइक से घर लौटते समय, जैसे ही वह चाणक्यपुरी स्थित अपने घर की गली के मोड़ पर पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रभाकर सिंह को चार गोलियां लगीं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस का बयान
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी) मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रभाकर सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर और लाइनर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि जमीन की खरीद से जुड़े रुपये के लेनदेन का विवाद ही हत्या की मुख्य वजह था। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार दूसरे शूटर और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम इस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।