Bihar News: तीन अगस्त को भारी बहुमत से जीतेगी भाजपा, अजय आलोक बोले- बांकीपुर में फिर खिलेगा कमल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने जीत का दावा करते हुए विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान राजद और जन सुराज के बीच 'साइलेंट अंडरस्टैंडिंग' थी और फर्जी सर्वे व सोशल मीडिया के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जीत का दावा करते हुए विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज के बीच 'साइलेंट अंडरस्टैंडिंग' देखने को मिली। उन्होंने कहा कि फर्जी सर्वे, सोशल मीडिया और भ्रम फैलाने की कोशिशों के बावजूद बांकीपुर की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है। भाजपा का दावा है कि 3 अगस्त को आने वाले नतीजों में पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
बांकीपुर में भाजपा की जीत का दावा, विपक्ष पर तीखा हमला
पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान जनता के उत्साह से साफ संकेत मिले हैं कि बांकीपुर की जनता का भरोसा एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर कायम है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस उपचुनाव में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बहुमत से जीत दर्ज करने जा रही है।
'राजद और जन सुराज की साइलेंट अंडरस्टैंडिंग सामने आई'
अजय आलोक ने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव के दौरान राजद और जन सुराज के बीच 'साइलेंट अंडरस्टैंडिंग' देखने को मिली। उनका कहना था कि कई मतदान केंद्रों पर राजद के कार्यकर्ता अपने समर्थकों को दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए। उनके मुताबिक इससे दोनों दलों की अंदरूनी रणनीति उजागर हो गई।
प्रशांत किशोर पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान अजय आलोक ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पहले लगातार राजद और तेजस्वी यादव पर सवाल उठाता था, उसने पूरे चुनाव अभियान के दौरान राजद के खिलाफ एक भी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को हराने के उद्देश्य से विपक्षी दलों के बीच अंदरखाने समझौता किया गया था।
फर्जी सर्वे और सोशल मीडिया के जरिए माहौल बनाने का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मतदान समाप्त होने के कुछ ही मिनट बाद फर्जी सर्वे और एग्जिट पोल के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कुछ कथित सर्वे एजेंसियों की मदद से कृत्रिम माहौल तैयार करने का प्रयास हुआ, लेकिन जनता ने ऐसे प्रयासों को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संगठन और कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक पर भरोसा करती है, किसी प्रायोजित सर्वेक्षण पर नहीं।
चुनावी नियमों के उल्लंघन का आरोप
अजय आलोक ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी जन सुराज के बाहरी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बांकीपुर और पटना में डेरा डाले रहे। उन्होंने कहा कि यह चुनावी नियमों का उल्लंघन था और भाजपा ने इस संबंध में चुनाव आयोग से आधिकारिक शिकायत भी की। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
'हार का ठीकरा पहले से प्रशासन पर फोड़ने की तैयारी'
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले ही अराजकता का माहौल बनाने और बाद में हार का आरोप प्रशासन तथा चुनाव आयोग पर लगाने की रणनीति तैयार कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए क्षेत्र छोड़ देता है, जबकि जन सुराज ने राजनीतिक लाभ और सहानुभूति हासिल करने के लिए विवाद पैदा करने की कोशिश की।
3 अगस्त को जीत का भरोसा जताया
अजय आलोक ने विश्वास जताया कि 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणामों में भाजपा भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए किए गए सभी राजनीतिक प्रयोग विफल साबित होंगे और बांकीपुर एक बार फिर भाजपा का मजबूत गढ़ साबित होगा। उन्होंने लोगों से विकास की राजनीति का समर्थन करने और भ्रम फैलाने वाली ताकतों से सावधान रहने की अपील की। प्रेस वार्ता में दीघा के विधायक एवं भाजपा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता तथा भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू भी मौजूद रहे।