Bihar: विवाद बढ़ा तो निकली पिस्तौल, समझाने गए युवक को मार दी गोली; होली से एक दिन पहले पटना में सनसनी
Bihar Crime: बाढ़ के गुलाबबाग चौक पर शोरूम उद्घाटन के साथ आयोजित होली मिलन समारोह में दो पक्षों के विवाद के दौरान फायरिंग हुई। बीच-बचाव करने पहुंचे करण उर्फ छोटू के घुटने में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे पटना रेफर किया गया।
विस्तार
बाढ़ अनुमंडल के गुलाबबाग चौक पर होली मिलन समारोह के दौरान सरेशाम फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
घायल युवक की पहचान करण उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो लहरिया पोखर का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुलाबबाग चौक के पास एक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम के साथ ही होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ता देख करण उर्फ छोटू दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए आगे आया। इसी बीच स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान करण के घुटने में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़ें: फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी पर महाकाल स्वरूप में सजे बाबा गरीब नाथ, भक्तों संग खेली रंग-गुलाल व फूलों की होली
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज पटना में जारी है।
घटना के पीछे विवाद की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासी सनी कुमार ने बताया कि शोरूम उद्घाटन के दौरान आयोजित होली मिलन समारोह में अचानक विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग की गई। इस संबंध में बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है।