Bihar : पशुपालन में बिहार ने लगाई बड़ी छलांग, दूध, अंडा और मांस उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
Bihar : दूध, अंडा और मांस उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ राज्य ने राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। वर्ष 2024-25 में बिहार के पशुपालन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है।
विस्तार
वर्ष 2024-25 में बिहार के पशुपालन क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। दूध, अंडा और मांस उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ राज्य ने राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। विभाग की योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और सेवाओं के सतत विस्तार ने ग्रामीण आजीविका, पोषण और आर्थिक मजबूती को नई ऊर्जा प्रदान की है। इन्हीं उपलब्धियों को साझा करने हेतु आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेन्स में डॉ. विजयलक्ष्मी ने राज्य की प्रगति, लक्ष्य उपलब्धि और भविष्य की दिशा पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस प्रेस वार्ता में पशुपालन विभाग के निदेशक उज्जवल कुमार सिंह, निदेशक मत्स्य अभिषेक रंजन, निदेशक गव्य केदार नाथ सिंह एवं विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
इन उत्पादों में बिहार ने राष्ट्रीय औसत से किया है बेहतर प्रदर्शन
इस दौरान डॉ.एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में पशुधन से सकल मूल्य संर्वद्धन 5.5 प्रतिशत है। सम्पूर्ण कृषि क्षेत्र के सकल मूल्य संर्वद्धन में पशुपालन की हिस्सेदारी 31 प्रतिशत है। बिहार ने वर्ष 2024-25 में पशुजन्य उत्पादों के क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज करते हुए देशभर में अपना मजबूत दावा पेश किया है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन के फलस्वरूप प्रमुख पशुजन्य उत्पादों का उत्पादन बढ़ा है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, भारत सरकार ने नया आंकड़ा जारी किया है, जिसके अनुसार, दूध, अंडा और मांस- सभी प्रमुख उत्पादों में बिहार ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।
पशुपालन ग्रामीण आजीविका और पोषण सुधार दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा
डॉ.एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि बिहार में प्रति व्यक्ति उपलब्धता निरंतर बढ़ रही है, जो यह दर्शाता है कि पशुपालन ग्रामीण आजीविका और पोषण सुधार दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय हिस्सेदारी में भी बिहार की दमदार उपस्थिति देश के कुल दूध उत्पादन में बिहार का योगदान 5.41% (देश में 9वां स्थान), देश के कुल मांस उत्पादन में बिहार का योगदान 4% (देश में 10वां स्थान) और देश के कुल अंडा उत्पादन में बिहार का योगदान 2.54% (देश में 11वां स्थान) है। पशुपालन सेवाओं का विस्तार, 24X7 पशु चिकित्सा सुविधा, MVU के माध्यम से पशुपालकों के द्वार पर पशु चिकित्सा की सुविधा, मुर्गी विकास की योजना, बकरी विकास की योजना तथा नस्ल सुधार कार्यक्रमों के कारण बिहार में विभिन्न पशु उत्पादों के उत्पादन में तेज वृद्धि दर दर्ज की गई है।
मात्स्यिकी आत्मनिर्भरता की ओर बिहार राज्य के बढ़ते कदम
डॉ.एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वार संचालित योजनाओं के माध्यम से मत्स्य के क्षेत्र में हाल के वर्षों में अत्यंत प्रभावी एवं सतत वृद्धि दर्ज की है। बिहार राज्य अंतर्गत मात्स्यिकी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पोषण सुरक्षा, रोजगार तथा जीवकोपार्जन में एक महत्वपूर्ण स्थान है। विगत वर्षों में मत्स्य पालन एवं मत्स्य उत्पादन के क्षेत्रों में आशातीत वृद्धि हुई है. विशेषतः मत्स्य उत्पादन, मत्स्य बीज उत्पादन, जलस्त्रोतों का निर्माण, आधारभूत संरचना का विकास, मत्स्य कृषकों का प्रशिक्षण, कृषक कल्याण हेतु मत्स्य पालकों का बीमा योजनायें।
बिहार के मत्स्य क्षेत्र में वृद्धि दर मजबूत और स्थिर प्रगति
हाल के वर्षों में बिहार की औसत वार्षिक वृद्धि दर 6% से 6.7% के बीच दर्ज की गई है। वहीं, वर्ष 2014-15 से 2023-24 तक के दशक में मत्स्य उत्पादन में 81.98% की बढ़ोतरी दर्ज हुई, जो राज्य के मत्स्य क्षेत्र की क्षमता, संसाधन प्रबंधन और सरकारी पहलों की प्रभावशीलता को दर्शाती है, जबकि राष्ट्रीय औसत वृद्धि दर लगभग 8.58% रहा। वर्ष 2013-14 में राज्य का मत्स्य उत्पादन में रैंकिंग नौवें स्थान पर था। बिहार सरकार के सतत प्रयास से वर्ष 2023-24 में राज्य का राष्ट्रीय रैंकिंग चौथे स्थान पर है।
विभागीय योजनाओं से मत्स्य प्रक्षेत्र के निम्नांकित आयामों की उपलब्धि :-
वैज्ञानिक तालाब निर्माण बिहार में उत्पादन वृद्धि का आधार
राज्य में 7575.12 है० तालाब का निर्माण कर तकनीकी आधारित मत्स्य उत्पादन को मजबूत आधार दिया गया। इसमें वैज्ञानिक डिजाइन, जलीय गुणवत्ता प्रबंधन, एयरेशन सिस्टम तथा उच्च सघन मत्स्य पालन जैसी सुविधायें उपलब्ध करायी गई।
फिश फीड मिल का विस्तार
राज्य अंतर्गत कुल 70 फिश फीड मिल की इकाइयों का अधिष्ठापन कराया जा रहा है, जिससें उच्च गुणवत्ता वाले संतुलित मत्स्य आहार की उपलब्धता बढ़ेगी। इसके फलस्वरूप मत्स्य उत्पादन में अधिक बढ़ोतरी होगी।
बायोफ्लॉक तकनीक कम स्थान में अधिक उत्पादन
राज्य में कुल 764 बायोफ्लॉक का अधिष्ठापन किया गया है। इस तकनीक से कम लागत, साथ ही, कम स्थान में अत्यधिक मत्स्य उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
आरएएस- आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग
राज्य अंतर्गत कुल 70 आरएएस युनिट का अधिष्ठापन किया गया है। इस तकनीक के द्वारा 90 प्रतिशत तक पानी की बचत तथा उच्च सघन मत्स्य पालन किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य अंतर्गत मत्स्य उत्पादन तथा मत्स्य फिंगरलिंग का उत्पादन में वृद्धि प्रतिशत इस बात का प्रतीक है कि राज्य के मत्स्य पालकों / मत्स्य कृषकों द्वारा बेहतर तालाब प्रबंधन, मत्स्य पालन हेतु वैज्ञानिक तकनीकों का प्रयोग, आहार प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण बीज का उपयोग तथा मत्स्य कृषकों द्वारा राज्य के भीतर तथा राज्य के बाहर दिये जा रहे प्रशिक्षण का समुचित उपयोग किया जा रहा है, जो कि मत्स्य उत्पादन एवं मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर एक ठोस एवं महत्वपूर्ण कदम है।