Bihar News: जयमाल के दौरान दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, युवती से एकतरफा प्रेम करता था सिरफिरा
Bihar News: बक्सर में जयमाल के दौरान एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी, जिससे बारात में अफरा-तफरी मच गई। घायल दुल्हन को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। आरोपी युवक फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है।
विस्तार
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली में आयोजित एक बारात में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। दुल्हन को गोली लगते ही बारात में भगदड़ मच गई। घायल युवती को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
चीख-पुकार में बदली शादी की खुशियां
घटना बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली की है। खुशी का माहौल उस समय चीख-पुकार में बदल गया, जब जयमाल समारोह के दौरान दुल्हन को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारातियों व ग्रामीणों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
बलिया से बक्सर गई थी बारात
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर से बारात चौसा आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह बांधे एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नंद जी मल्लाह, को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी।
गोली मारने के बाद युवक फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घायल दुल्हन को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायल दुल्हन ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाला युवक पड़ोस का दीनबंधु मल्लाह है। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक एकतरफा प्रेम करता था और पहले भी शादी का विरोध कर चुका था।
ये भी पढ़ें: सीएनजी स्टेशन के टैंक में ब्लास्ट, फ्यूल लेने पहुंचा ऑटो उड़ा; कई यात्री घायल
पुलिस ने क्या बताया?
मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.