Bihar : चार दिन में MLC का नाम क्यों नहीं तय कर सका पक्ष-विपक्ष? भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी मंथन ही कर रहे
Bihar News : बिहार की राजनीति में अनिश्चितता का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। विधान परिषद् की 10 सीटों पर चुनाव-उप चुनाव के लिए नामांकन के चार दिन गुजर गए, लेकिन पक्ष-विपक्ष सस्पेंस में ही है। किसके नाम पर मुहर लगाएं, किसके नहीं!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार विधान परिषद् की 10 सीटों के लिए अब तक उम्मीदवारों का नाम फाइनल नहीं हुआ। एक जून से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चार दिनों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन या महागठबंधन की ओर से किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। कारण है कि अब तक किसी भी दल के शीर्ष नेतृत्व में प्रत्याशियों का नाम फाइनल नहीं किया है। नामांकन की अंतिम तिथि आठ जून को है। सियासी गलियारे में सबसे अधिक चर्चा भाजपा की लिस्ट की हो रही है। भाजपा ने अब तक अपना पत्ता नहीं खोला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी काम को प्राथमिकता में लेकर दिल्ली से पटना आए हैं।
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर नितिन नवीन गुरुवार को पटना में अपने आवास पर महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, वरिष्ठ नेता राम कृपाल यादव समेत पार्टी के कई शीर्ष नेता मौजूद हैं। बैठक में एमएलसी चुनाव की रणनीति, उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसमें शॉर्ट लिस्ट किए गए उम्मीदवारों के प्रोफाइल की जांच हो चुकी है। सोशल इंजीनियरिंग समेत अन्य कुछ मुद्दों पर बातचीत चल रही है। सूत्र बता रहे हैं कि कुछ उम्मीदवारों के नाम पर आलाकमान की ओर से सहमति नहीं आई है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी।
भाजपा में एमएलसी उम्मीदवारों में किन नामों की चर्चा
भाजपा से कायस्थ जाति से आने वाले संजय मयूख, राजपूत जाति से आनी वाल अमृता भूषण, कुर्मी जाति से आने वाले प्रेम रंजन पटेल, वैश्य समाज से आने वाले सिद्धार्थ शंभू, अमरनाथ गामी समेत कुछ नामों पर चर्चा चल रही है। वहीं कोईरी जाति से आने वाले दीपक प्रकाश भी भाजपा को मिलने वाली राजद कोटे की सीट पर दावेदार हैं। उनका एमएलसी बनना लगभग तय है।
Bihar News: संजय झा और निशांत कुमार दिल्ली रवाना, विधान परिषद् चुनाव को लेकर जदयू की क्या है तैयारी?
बांकीपुर उपचुनाव के लिए भी विमर्श जारी
अगले माह यानी जुलाई में अंतिम सप्ताह बांकीपुर विधानसभा में उपचुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। 2025 में यहां से विधायक बने नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद से यह सीट खाली हो गई थी। नितिन नवीन फिलहाल पटना में हैं। उनका फोकस बांकीपुर सीट पर भी है। उम्मीदवार का नाम अब तक फाइनल नहीं हुआ। रेस में रणवीर नंदर, अजय आलोक और आशीष सिन्हा का नाम आगे चल रहा है। तीनों ने प्रदेश नेतृत्व को चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी है। तीनों कायस्थ समाज से आते हैं। इस जाति का वोट ही बांकीपुर में निर्णायक होता है। हालांकि, उम्मीदवार कौन होगा? इसका अंतिम फैसला नितिन नवीन को ही लेना है। वह बांकीपुर की टीम और बिहार भाजपा के नेताओं से विमर्श कर रहे हैं। जल्दी ही सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।