Bihar: सूरज कुमार हत्याकांड मामले में फरार सात आरोपियों के घरों पर कुर्की की तैयारी, कोर्ट से मिला आदेश
पूर्णिया के बसंत विहार कॉलोनी में हुए सूरज कुमार हत्याकांड में फरार सात आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज कर दी है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद जल्द ही आरोपियों के घरों पर कुर्की की जाएगी।
विस्तार
पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार कॉलोनी में हुए सूरज कुमार हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लगातार छापेमारी के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने पर अब पुलिस ने उनके घरों की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। मंगलवार को पुलिस ने माननीय न्यायालय से सभी सात फरार अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की का आदेश प्राप्त कर लिया।
विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था
गौरतलब है कि सदर थाना क्षेत्र के चौहन टोला (वार्ड संख्या-38) निवासी जवाहर यादव के पुत्र सूरज कुमार की बसंत विहार कॉलोनी में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई थीं
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर SIT ने 29 जनवरी को एसटीएफ के सहयोग से एक आरोपी विशाल कुमार, निवासी बंगाली टोला, को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई थीं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- Bihar Budget 2026: बिहार सरकार ने पेश किया 3.47 लाख करोड़ का बजट, एक करोड़ नौकरी; किसानों-कलाकारों को अलग मदद
फरार चल रहे जिन अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी, उनमें ब्रजेश सिंह और राज सिंह उर्फ नंदू सिंह (दोनों पिता स्वर्गीय पुरुषोत्तम सिंह), स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर और आदित्य ठाकुर (दोनों पिता अभिनंदन ठाकुर), अमन सिंह (पिता स्वर्गीय युगल किशोर सिंह), रजनीश सिंह (पिता पुष्कर सिंह) तथा एयशु उर्फ अंशु सिंह (पिता संजीव कुमार सिंह) शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन वे अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस प्रशासन जल्द ही कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल करेगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
