Bihar: सारण छात्रा मौत मामले में नया मोड़, साइबर पुलिस ने गांव के ही शख्स को दबोचा, जांच पर उठ रहे सवाल
Bihar: सारण के डेरनी थाना क्षेत्र में छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में साइबर पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति अनिल सिंह को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस तेज हो गई है, जबकि पुलिस अब भी पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
विस्तार
बिहार के डेरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पट्टी शीतल गांव में विगत 11 मार्च को छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस बहुचर्चित कांड में साइबर पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिससे पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई है। हालांकि गिरफ्तारी की पुष्टि स्थानीय डेरनी थाने की थानाध्यक्ष द्वारा किए जाने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
11 मार्च को मिला था छात्रा का शव
मालूम हो कि विगत 11 मार्च को एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के एक कुएं से बरामद किया गया था। इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि राज्य स्तर पर भी इसे लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। हालांकि सारण पुलिस द्वारा गठित टीम शुरू से ही इस मामले की जांच कई पहलुओं पर कर रही है और हर एंगल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस ने गिरफ्तारी के ठोस कारणों का नहीं किया खुलासा
इसी क्रम में साइबर पुलिस ने अनिल सिंह नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि अनिल सिंह घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार के समर्थन में सक्रिय दिख रहे थे। जब सारण प्रमंडल के डीआईजी निलेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे थे, उस दौरान भी अनिल सिंह अपनी बात रखना चाह रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने उनसे केवल नाम पूछकर आगे बढ़ने को कहा था। घटना के बाद अनिल सिंह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें वह उक्त मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को उजागर करने का दावा कर रहे थे। स्थानीय सूत्रों की मानें तो इन्हीं गतिविधियों और वीडियो को आधार बनाकर साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी के ठोस कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया है।
पुलिस दुष्कर्म की घटना से कर चुकी है इनकार
इस मामले को लेकर एक ओर जहां सोशल मीडिया पर बहस तेज है, वहीं दूसरी ओर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी अपने-अपने स्तर पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूट्यूबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोग भी इस घटना को अलग-अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत कर रहे हैं। गौरतलब है कि सारण पुलिस पहले ही अपने बयान में दुष्कर्म की घटना से इनकार कर चुकी है। इसके बावजूद इस मामले को लेकर संशय और सवाल लगातार बने हुए हैं। ऐसे में साइबर पुलिस द्वारा की गई यह गिरफ्तारी जांच की दिशा को और जटिल बनाती नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें: दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में मांगी गई मन्नत होती है पूर्ण, नवरात्र में साधक यहां करते हैं साधना
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा। वहीं लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आखिर इस मामले की सच्चाई क्या है और छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.