Viral Video: एयर इंडिया ने तोड़ा ट्राइपॉड, फिर दिया ऐसा मुआवजा कि भड़क उठा फिल्ममेकर, वीडियो वायरल
Viral: हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ने एयरलाइंस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके किराए पर लाए गए ट्राइपॉड को नुकसान पहुंचाया गया और उचित मुआवजा देने से भी मना कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हवाई यात्रा के दौरान सामान के टूटने-फूटने की शिकायतें नई नहीं हैं, लेकिन गोवा से मुंबई की एक फ्लाइट में हुई घटना ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन की बैगेज हैंडलिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्रीलांस फिल्म निर्माता समीर पंजाबी का दावा है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उनका किराए पर लिया गया 55 हजार रुपये का प्रोफेशनल ट्राइपॉड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे भी ज्यादा नाराजगी उन्हें तब हुई, जब कंपनी ने मुआवजे के तौर पर सिर्फ 5 हजार रुपये देने की बात कही। इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
समीर पंजाबी ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह घटना 20 जुलाई को गोवा से मुंबई की एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट में हुई। उनके मुताबिक ट्राइपॉड चेक-इन करने से पहले ही उन्होंने ग्राउंड स्टाफ को साफ तरीके से बताया था कि इसे काफी संभालने कर ले जाना है। पहले भी एक बार टूट चुका है और यह उनका अपना नहीं बल्कि किराए पर लिया गया सामान है, जिसकी कीमत 55 हजार रुपये है। उन्होंने कर्मचारियों से रिक्वेस्ट किया था कि इसे काफी सावधानी के साथ हैंडल किया जाए।
विज्ञापन विज्ञापन
मुंबई पहुंचते ही टूटा ट्राइपॉड
हालांकि मुंबई पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपना सामान लिया तो ट्राइपॉड पूरी तरह टूटा हुआ मिला। समीर का कहना है कि उन्होंने तुरंत एयरलाइन के कस्टमर केयर काउंटर पर शिकायत दर्ज कराई और उम्मीद की कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। लेकिन उनके अनुसार उन्हें करीब तीन घंटे तक इंतजार कराया गया और इस दौरान स्टाफ का व्यवहार सहयोगी होने के बजाय काफी गलत था।
पांच हजार मुआवजा देने के लिए तैयार हुई एयरलाइन
वायरल वीडियो में समीर एयरलाइन के एक ग्राउंड स्टाफ सदस्य से बातचीत करते नजर आते हैं। कर्मचारी उन्हें बताता है कि कंपनी की पॉलिसी के हिसाब से नुकसान के लिए 5 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इस पर समीर आपत्ति जताते हुए कहते हैं कि यह किराए का ट्राइपॉड था यानी अब उन्हें किसी और की संपत्ति के नुकसान की भरपाई भी करनी होगी। इसके जवाब में कर्मचारी कहता है कि कंपनी की एसओपी के अनुसार टूटे सामान का मूल्य घटाकर ही मुआवजा तय किया जाता है।
समीर ने साझा किया वीडियो
समीर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में एक और गंभीर दावा किया। उन्होंने लिखा कि उनके पास ऐसा वीडियो मौजूद है जिसमें बैगेज हैंडलिंग के दौरान उनका सामान फेंकते हुए देखा जा सकता है। जब उन्होंने यह वीडियो ग्राहक सेवा अधिकारी को दिखाया तो उन्हें जवाब मिला कि सामान इसी तरह लोड किया जाता है। समीर के मुताबिक अगर यही नॉर्मल प्रोसेस है तो यह यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंताजनक स्थिति है।
लोगों का फूटा गुस्सा
इस घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खुलकर अपनी राय रखी। एक यूजर ने लिखा, "असल जवाबदेही मौके पर नहीं दिखती लेकिन सोशल मीडिया पर मामला वायरल होते ही कंपनियां एक्टिव हो जाती हैं। यात्री को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।" दूसरे यूजर ने सलाह देते हुए लिखा, "पांच हजार रुपये का ऑफर स्वीकार मत कीजिए। यह एयरलाइन की चाल हो सकती है।"