सरगुजा जिला के अंबिकापुर शहर में एक बड़ी घटना सामने आई है। बौरीपारा शिकारी रोड स्थित भाजपा नेता रमेश जायसवाल के फॉर्म हाउस में बुधवार सुबह करीब पांच बजे 12 फीट लंबा अजगर देखा गया। यह अजगर एक बत्तख को जिंदा निगल रहा था, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
फॉर्म हाउस में बत्तख, मुर्गा-मुर्गी सहित अन्य पालतू पक्षी खुले में रखे जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से इन पालतू पक्षियों की संख्या लगातार कम हो रही थी। इस कारण फॉर्म हाउस में किसी जंगली जानवर के होने की आशंका जताई जा रही थी।
बुधवार सुबह रमेश जायसवाल ने स्वयं एक विशाल अजगर को बत्तख निगलते हुए देखा। यह देखकर वह सहम गए और तत्काल स्नेक कैचर को सूचना दी। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर सत्यम द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ देर तक स्थिति का निरीक्षण किया। जब अजगर ने शिकार पूरी तरह नहीं निगला था, तब उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया।
अजगर का रेस्क्यू
पकड़ते ही अजगर ने निगली हुई बत्तख को उगल दिया। दुर्भाग्यवश, तब तक बत्तख की मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई लगभग 12 फीट बताई गई है। स्नेक कैचर सत्यम द्विवेदी ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
रमेश जायसवाल ने बताया कि उनके फॉर्म हाउस में पहले नौ बत्तख थीं। अब उनकी संख्या घटकर केवल पांच रह गई है। मुर्गा-मुर्गियों की संख्या भी पहले से कम हुई है। उन्हें आशंका है कि परिसर में एक और अजगर मौजूद हो सकता है।