{"_id":"69bdaf284df812f5ab0488b8","slug":"delhi-budget-cmrekha-gupta-sought-the-views-of-the-transgender-community-2026-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Budget: 24 मार्च को आएगा बजट, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ली किन्नर समुदाय से राय; कई मुद्दों पर बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Budget: 24 मार्च को आएगा बजट, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ली किन्नर समुदाय से राय; कई मुद्दों पर बात
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 21 Mar 2026 02:04 AM IST
विज्ञापन
सार
सरकार ने भरोसा दिया कि इन सुझावों को बजट में जगह दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक की।
किन्नर समुदाय के साथ बैठक...
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बजट से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को किन्नर समुदाय से उनकी समस्याएं और सुझाव लिए। सरकार ने भरोसा दिया कि इन सुझावों को बजट में जगह दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक की। इसमें समुदाय के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए और रोजगार, स्वास्थ्य, आवास व बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए।
Trending Videos
मुख्यमंत्री ने पूरी बात सुनी और भरोसा दिया कि किन्नर समुदाय के सुझावों को आगामी बजट में प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार ऐसा बजट बनाना चाहती है, जो हर वर्ग की जरूरतों को पूरा करे और सभी को साथ लेकर चले। बैठक में प्रतिनिधियों ने सहेली पिंक कार्ड के जरिए डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के फैसले का स्वागत किया और इसे बड़ी राहत बताया। उनका कहना था कि इससे रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
समुदाय ने सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा संवेदनशील बनाने और कौशल विकास कार्यक्रमों को मजबूत करने की मांग रखी। बेहतर आवास, साफ-सफाई और जरूरी सुविधाओं पर भी जोर दिया गया। पहचान पत्र और दस्तावेज से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाने की मांग की।
बजट से पहले सीएम-अध्यक्ष की हुई बैठक
इससे पहले, बजट सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से मुलाकात की। 23 मार्च से सत्र शुरू होगा और तय हुआ कि 24 मार्च को दिल्ली का बजट पेश किया जाएगा। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिस्ट और मुख्य सचेतक अभय वर्मा भी मौजूद रहे।